Last Updated: Monday, February 6, 2012, 06:56
नई दिल्ली : दिल्लीवासियों ने सोमवार को भी सुहावनी सुबह का आनंद लिया क्योंकि एक महीने की कड़ाके की ठंड के बाद न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहा।
कल रात में न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि पूर्व दिन दर्ज किये गए तापमान से एक डिग्री कम लेकिन सामान्य से दो डिग्री अधिक है। सुबह तड़के हल्का कोहरा था लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही सुरज निकल आया जिससे मौसम सुहावना बन गया। कल अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जो कि सामान्य से एक डिग्री अधिक है।
यह इस बात का संकेत है कि सर्दी का मौसम समाप्त होने को है। राजधानी दिल्ली में फरवरी के पहले कुछ दिन के दौरान न्यूनतम तापमान में अचानक वृद्धि दर्ज की गई है।
जनवरी के आखिरी दिन न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया लेकिन उसके बाद से पारा उपर की ओर जा रहा है। फरवरी के पहले दिन करीब सात डिग्री सेल्सियस से गत दो दिन से यह दो अंक का हो गया है। कल न्यूनतम तापमान करीब नौ डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है और मौसम विभाग का कहना है कि आसमान में बादल छा सकते हैं। (एजेंसी)
First Published: Monday, February 6, 2012, 12:26