Last Updated: Tuesday, December 25, 2012, 13:14

नई दिल्ली : सामूहिक बलात्कार के खिलाफ शहर भर में प्रदर्शनों की लहर को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मध्य दिल्ली के प्रमुख मार्गों और नौ मेट्रो स्टेशनों को मंगलवार को भी बंद रख गया है। पिछले दिनों हुए प्रदर्शनों का गढ़ बने विजय चौक और आस पास के इलाके को किले में तब्दील कर दिया है।
वहीं इंडिया गेट पर प्रवेश के सभी रास्तों को बंद कर दिया गया है। खुफिया सूत्रों ने बताया कि पुलिस को अंदेशा है कि आज क्रिसमस की छुट्टी के दिन लोगों की भीड़ जमा हो सकती है और किसी अनहोनी के अंदेशे के कारण ज्यादा ऐहतियात बरती जा रही है।
केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे के घर के आस पास भी सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया गया है। कल शाम कुछ प्रदर्शनकारियों ने उनके आवास के बाहर आकर प्रदर्शन किया था। कल की ही तरह आज भी नौ मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेशों तक बंद रखा गया है। इनमें राजीव चौक, पटेल चौक, कंेद्रीय सचिवालय, उद्योग भवन, रेस कोर्स, बाराखंभा रोड, मंडी हाउस प्रगति मैदान, खान मार्केट शामिल हैं। राजीव चौक और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशनों पर इंटरचेंज (रूट बदलने की सुविधा) की अनुमति है।
आधिकारिक सू़त्रों ने बताया कि दिल्ली के सीमाई इलाकों पर बाहर से प्रवेश करने वालों वाहनों की सघन तलाशी हो रही है। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, December 25, 2012, 13:14