दिल्ली में हर दिन औसतन एक से अधिक रेप

दिल्ली में हर दिन औसतन एक से अधिक रेप

दिल्ली में हर दिन औसतन एक से अधिक रेप नई दिल्ली : चलती बस में बलात्कार की शिकार 23 वर्षीय युवती की सिंगापुर के अस्पताल में मौत के बाद महिलाओं के प्रति यौन अपराध के बढ़ते मामलों पर गंभीर चर्चा के बीच एक सचाई यह भी है कि दिल्ली में प्रतिदिन बलात्कार की औसतन एक से अधिक घटनाएं सामने आ रही हैं। कडी सुरक्षा के बावजूद देश के छह मेट्रो शहरों में से बलात्कार के सर्वाधिक मामले दिल्ली में ही सामने आए हैं।

गृह मंत्रालय के आंकडों के मुताबिक, 2012 में दिल्ली में बलात्कार के 635 मामलों में 348 में जांच अभी जारी है जबकि अभी तक केवल एक मामले में सजा हुई है। वहीं, 2012 में यहां लड़कियों से छेड़छाड़ करने के 193 मामले दर्ज किये गए जिसमें 200 लोगों को गिरफ्तार किया गया लेकिन कोई भी अभ्‍यारोपित नहीं किया गया।

गृह मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार 2009 से 2011 के बीच देश में बलात्कार के 67 हजार 769 मामले दर्ज किए गए हैं। बलात्कार की इन घटनाओं में करीब 26 प्रतिशत मामलों में ही दोषी अभ्‍यारोपित हुए या उन्हें सजा मिल पाई है और 74 प्रतिशत मामलों में जांच कार्य अंजाम तक नहीं पहुंच पाया। देश में महिलाओं के खिलाफ हिंसा और ऐसी घटनाओं को रोकने एवं दोषियों को न्याय के कटघरे में खड़ा करने के लिए सख्त कानून बनाए जाने की मांग तेज हो गई है।

लोकसभा में ऐसे ही एक सवाल के जवाब में प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री वी. नारायणसामी ने कहा कि 2012 में दिल्ली में बलात्कार के 635 मामले दर्ज किए गए हैं जिनमें केवल एक मामले में सजा हुई। इन मामलों में 754 लोगों को गिरफ्तार किया गया। बलात्कार के मामलों में देश के छह मेट्रो शहरों में दिल्ली का स्थान शीर्ष पर रहा जहां 2012 में 635 मामले दर्ज किए गए हैं। गृह मंत्रालय के डाटा के अनुसार दिल्ली में 2011 में बलात्कार के 450 मामले दर्ज किए गए, जबकि मुंबई में 221, बेंगलूर में 97, चेन्नई में 76, हैदराबाद में 59 और कोलकाता 46 मामले दर्ज किए गए। (एजेंसी)

First Published: Sunday, December 30, 2012, 11:40

comments powered by Disqus