दिल्‍ली: हड़ताल से यातायात सेवा प्रभावित - Zee News हिंदी

दिल्‍ली: हड़ताल से यातायात सेवा प्रभावित

 

नई दिल्ली : सरकार की ‘श्रमिक विरोधी’ नीतियों के खिलाफ राष्ट्रव्यापी हड़ताल का दिल्ली के आम जनजीवन पर मामूली प्रभाव ही पड़ा। हालांकि सरकारी बैंकों में कामकाज प्रभावित हुआ और बड़ी संख्या में ऑटो और टैक्सी चालकों ने अपने वाहनों को सड़कों से दूर रखा।

 

यात्रियों ने सरकारी बसों की सेवा में कमी आने की शिकायत की। सभी बड़े संघों ने सरकार की ‘श्रमिक विरोधी’ नीतियों, मूल्यवृद्धि और सरकारी बैंकों के विनिवेश के विरोध में 24 घंटे की हड़ताल का आह्वान किया है जो मंगलवार सुबह शुरू हुआ।

 

सरकारी बैंकों में कर्मचारियों ने विरोधस्वरूप कामकाज नहीं किया। राजधानी में आरबीआई के कर्मचारियों ने अपने कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और सरकारी नीतियों के खिलाफ नारे लगाए। ऑटो और टैक्सी यूनियनों के नेताओं ने कहा कि वे सरकार की नीतियों के विरोध में इस हड़ताल में हिस्सा ले रहे हैं।

 

उन्होंने आरोप लगाया कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा कल्याण बोर्ड गठित करने के आदेश पर सरकार ने कुछ भी नहीं किया। हड़ताल के दौरान राजधानी में बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली सरकार ने कल रात सभी बिजली कंपनियों पर एस्मा लगा दिया।

(एजेंसी)

First Published: Tuesday, February 28, 2012, 13:33

comments powered by Disqus