Last Updated: Monday, May 27, 2013, 14:57
रायगढ़/रायपुर : छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नंद कुमार पटेल और उनके बेटे दिनेश पटेल का सोमवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। बस्तर जिले के दरभा में नक्सली हमले में मृत नंद कुमार पटेल और उनके बेटे दिनेश पटेल का आज उनके गृहग्राम नंदेली में अंतिम संस्कार किया गया। पटेल के छोटे बेटे उमेश पटेल ने अपने पिता और बड़े भाई की चिता को मुखाग्नि दी।
आज सुबह नंदेली स्थित पटेल के मकान से गमगीन माहौल में पिता और पुत्र की शवयात्रा शुरू हुई। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता और ग्रामीण नंद कुमार पटेल अमर रहे जैसे नारे लगाते हुए साथ चल रहे थे। लगभग एक किलोमीटर दूर नंद कुमार पटेल के पिता और माता की समाधि के करीब शवयात्रा समाप्त हुई।
अंतिम संस्कार के दौरान कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी, मुख्यमंत्री रमन सिंह, रमन मंत्रिमंडल के सदस्य, मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया, मध्यप्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता अजय सिंह और प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मौजूद थे। (एजेंसी)
First Published: Monday, May 27, 2013, 14:57