Last Updated: Tuesday, July 9, 2013, 16:32

नई दिल्ली : पूर्व आईएएस अधिकारी नजीब जंग ने मंगलवार को दिल्ली के नए उप राज्यपाल के तौर पर शपथ ली। जंग ऐसे समय पर दिल्ली के उप राज्यपाल बने हैं जब राष्ट्रीय राजधानी के समक्ष महिलाओं की सुरक्षा, अनधिकृत कालोनियों के नियमितीकरण और कमजोर आधारभूत संरचना सहित कई चुनौतियां हैं।
62 वर्षीय जंग को दिल्ली उच्च न्यायालय के मुख्य कार्यकारी न्यायाधीश बी डी अहमद ने यहां राजनिवास में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, उनके मंत्रिमंडलीय सहयोगी और दिल्ली सरकार तथा पुलिस के आला अधिकारी मौजूद थे। बहरहाल, जंग के पूर्ववर्ती तेजेन्दर खन्ना समारोह में शामिल नहीं हुए।
जंग 1973 के बैच के आईएएस अधिकारी हैं। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने उन्हें पिछले सप्ताह दिल्ली के उप राज्यपाल पद पर नियुक्त किया था। वह दिल्ली के 19 वें उप राज्यपाल हैं। अब से ठीक 5 महीने बाद राष्ट्रीय राजधानी में विधानसभा चुनाव होंगे। उप राज्यपाल के तौर पर जंग दिल्ली पुलिस और दिल्ली विकास प्राधिकरण के प्रभारी होंगे तथा दिलली सरकार के प्रशासनिक प्रमुख भी होंगे।
जंग ने उपराज्यपाल पद की शपथ लेने के बाद कहा कि कानून व्यवस्था में सुधार और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि वह महिलाओं के खिलाफ अपराध को लेकर ‘जीरो टॉलरेन्स’ (कतई बर्दाश्त नहीं करने) की नीति अपनाएंगे। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, July 9, 2013, 16:32