Last Updated: Friday, June 15, 2012, 21:32

रामनगर (कर्नाटक) : विवादास्पद स्वयंभू बाबा नित्यानंद को जिला कार्यपालक मजिस्ट्रेट ने शुक्रवार को जमानत दे दी। नित्यानंद को एक दिन पहले ही शांतिभंग करने के आरोप में पुन: गिरफ्तार किया गया था। रामनगर के उपायुक्त एवं कार्यपालक मजिस्ट्रेट श्रीराम रेड्डी ने एक लाख रुपये के मुचलके और इतनी ही राशि की दो जमानत दिये जाने पर जमानत प्रदान की। नित्यानंद को इसके साथ ही शांति भंग नहीं करने के निर्देश दिये गए।
लोक अभियोजक नागराज रेड्डी ने नित्यानंद को जमानत दिये जाने का विरोध किया। नित्यानंद को गत 13 जून को उस समय गिरफ्तार किया गया था जब वह मारपीट मामले में अदालत में आत्मसमर्पण करने आये थे। नित्यानंद पर कल शांति भंग करने का ताजा मामला दर्ज किया गया जिस पर उनकी दूसरी बार गिरफ्तारी हुई।
नित्यानंद के खिलाफ पहले से ही बलात्कार सहित आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह वर्ष 2010 में अपनी गिरफ्तारी के बाद से जमानत पर हैं। वह उस समय ताजा मुसीबत में फंस गए जब पुलिस ने गत आठ जून को उनके और उनके शिष्यों के खिलाफ बिदादी स्थित अपने आश्रम में संवाददाता सम्मेलन के दौरान एक मीडियाकर्मी के साथ कथित रूप से मारपीट करने का मामला दर्ज किया। नित्यानंद ने अपने आश्रम की सम्पत्ति को हुए नुकसान के लिए राज्य सरकार से 10 करोड़ रुपये की प्राप्त करने के लिए उच्च न्यायालय में रिट याचिका दायर की है।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीवी सदानंद गौड़ा ने नित्यानंद की याचिका पर कहा कि लोगों के हितों की रक्षा के लिए उन्हें जेल जाने से भी परहेज नहीं होगा। गौड़ा ने कहा कि उन्होंने नित्यानंद के खिलाफ कोई भी निर्णय जल्दबाजी में नहंी बल्कि आश्रम में उनकी गतिविधियों के बारे में जानकारी एकत्रित करने के बाद किया। (एजेंसी)
First Published: Friday, June 15, 2012, 21:32