निरुपम की टिप्पणी अनुचित : पुरोहित - Zee News हिंदी

निरुपम की टिप्पणी अनुचित : पुरोहित



मुंबई : भाजपा ने उत्तर भारतीयों संबंधी कांग्रेस सांसद संजय निरुपम की टिप्पणियों को सोमवार को गैर-जिम्मेदाराना और बढ़ा-चढ़ाकर कही गयी बात करार दिया।

 

निरुपम ने पिछले सप्ताह नागपुर में कहा था कि उत्तर भारतीय मुंबई की रफ्तार को रोक सकते हैं। इस टिप्पणी की आलोचना करते हुए मुंबई भाजपा के अध्यक्ष राज पुरोहित ने कहा कि हर किसी को स्थानीय संस्कृति का सम्मान करना चाहिए।

 

पुरोहित ने कहा, भारत के नागरिक के रूप में हर किसी को देश में कहीं भी यात्रा करने, जीवन जीने और काम करने का अधिकार है। लेकिन स्थानीय भाषा और संस्कृति का सम्मान किया जाना चाहिए। महाराष्ट्र ऐसा एकमात्र राज्य है जहां देश के विभिन्न हिस्सों से ताल्लुक रखने वाले विधायक हैं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की मौजूदा विधानसभा में कर्नाटक से ताल्लुक रखने वाले तीन और राजस्थान से संबंध रखने वाले 11 सदस्य हैं।

 

निरुपम को नतीजे भुगतने की शिवसेना नेता उद्धव ठाकरे की चेतावनी के बारे में पुरोहित ने कहा, इस तरह की प्रतिक्रियाओं पर टिप्पणी भी सीमाओं के भीतर होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय दलों के अपने मुद्दे और एजेंडे होते हैं। बहरहाल, शिवसेना एक क्षेत्रीय दल है जिसके पास राष्ट्रीय दृष्टिकोण है। उन्होंने अपने तरीके से प्रतिक्रिया दी है। (एजेंसी)

First Published: Monday, October 31, 2011, 21:56

comments powered by Disqus