Last Updated: Thursday, September 27, 2012, 20:47

खगड़िया-बेगूसराय : बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने के लिए अपनी पार्टी जदयू के कार्यक्रम के तहत अधिकार यात्रा के लिए निकले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यक्रम में खगड़िया और बेगूसराय जिले में आज उपद्रव और आगजनी हुई।
बेगूसराय में गांधी स्टेडियम में सभा के दौरान प्रदर्शनकारियों ने नीतीश कुमार के भाषण के बीच ही मंच की ओर सडे हुए अंडे फेंके जो सादी वर्दी में खड़े उनके सुरक्षाकर्मियों को लगे जबकि खगड़िया जिले में स्थिति और विस्फोटक हो गयी। यहां उपद्रवियों ने तीन मोटरसाइकिलों और एक चार पहिया वाहन में आग लगा दी। बेगूसराय और खगडिया दोनों जिले में प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री के काफिले को काले झंडे दिखाये।
खगड़िया बाजार समिति प्रांगण में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सभास्थल के पास जिले को विशेष राज्य के दर्जे की मांग को लेकर आक्रोशित लोगों की पुलिस से झड़प भी हुई। प्रदर्शनकारी सभास्थल में प्रवेश करना चाहते थे। देखते ही देखते स्थिति विस्फोटक हो गयी। यहां अपराहन तीन बजे होने वाली सभा करीब पांच बजे तक शुरू नहीं हो पायी।
उपद्रवियों ने खगड़िया जिलाधिकारी कार्यालय के पास तीन मोटरसाइकिल, पुलिस के एक वाहन को फूंक दिया। उपद्रवियों ने वहां करीब 8-10 होर्डिग में आग लगा दी और अधिकारियों के वाहनों के शीशे तोड़ दिये। आगजनी करने वालों का गुस्सा यहां भी शांत नहीं हुआ। उन्होंने जिलाधिकारी धर्मेन्द्र सिंह के कार्यालय में घुसकर जमकर तोड फोड की।
पुलिस को यहां उपद्रवियों को नियंत्रित करने के लिए हवाई गोलीबारी करनी पडी और आंसू गैस के गोले छोड़ने पडे। पुलिस ने पथराव कर रहे प्रदर्शनकारियों पर अंकुश लगाने के लिए लाठी चार्ज किया।
बीते 19 सितंबर से बेतिया से अधिकार यात्रा पर निकले मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान लगातार प्रदर्शन और नारेबाजी हो रही है। पश्चिम चंपारण के बेतिया, पूर्वी चंपारण के मोतिहारी, मधुबनी, दरभंगा में भी बीते दिनों मुख्यमंत्री और वर्तमान सरकार के खिलाफ अनुबंधित शिक्षकों और अन्य लोगों ने प्रदर्शन किया था। खगड़िया में अफरा तफरी के बीच पुलिस महानिदेशक अभयानंद ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने हवाई फायरिंग और आंसू गैस के गोले छोड़े जाने की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस ने आस पास के जिलों से पुलिस बल को खगड़िया में कानून व्यवस्था के हालात नियंत्रित करने के लिए बुलाया है। मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक अनिल किशोर यादव ने दंगा निरोधक वाहन वज्र में सवार होकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
इससे पहले बेगूसराय के गांधी स्टेडियम में सभा और नगर में पहुंचने पर मुख्यमंत्री को विरोध का सामना करना पडा। सभा के दौरान लोगों ने कुर्सियां फेंकी, नारेबाजी और प्रदर्शन किया जिसे लेकर पुलिस को लाठीचार्ज करना पडा। भगदड में गिरने के कारण कई महिलाओं को चोट आयी। यहां एक व्यक्ति ने हाथ में चप्पल लहरा कर विरोध का इजहार किया।
वहीं शहर में पहुंचने पर छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर बीडी कालेज के पास मुख्यमंत्री के काफिले को काला झंडा दिखाया। कुछ छात्र नारेबाजी करते हुए बिल्कुल मुख्यमंत्री के काफिले के पास आ गये थे। अनुबंधित शिक्षकों ने बेगूसराय स्टेशन के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 31 को जाम किया इसके कारण मुख्यमंत्री के काफिले को मार्ग परिवर्तन करना पडा।
बेगूसराय से खगडिया पहुंचने पर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 31 पर बलुआही के पास रहीमपुर पंचायत की बाढ प्रभावित महिलाओं ने भी काला झंडा दिखाया और मुख्यमंत्री का काफिला रोका।
बेगूसराय में सभा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘इन लोगों को जो भी हंगामा करने के लिए उकसा रहा है वे राज्य में अमन चैन पसंद करने वाले लोग नहीं हैं। पटना में किसके इशारे पर सब हो रहा है इसकी जानकारी है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने के अभियान पर निकला हूं। जो इसका विरोध कर रहे हैं उन्हें बिहार की तरक्की पसंद नहीं है। जो इस प्रकार के कार्यक्रम में हंगामा करवा रहे हैं वे अपने यहां भी कार्यक्रमों में इस प्रकार के हंगामे के लिए तैयार रहें।’’ काले झंडे दिखाने पर चुटकी लेते हुए नीतीश ने बेगूसराय सभा में कहा, ‘‘मुझे किसी की नजर न लग जाए इसलिए ये काले झंडे दिखा रहे हैं। ’’ (एजेंसी)
First Published: Thursday, September 27, 2012, 16:28