Last Updated: Sunday, September 30, 2012, 18:17
पूर्णिया : बिहार में नीतीश सरकार पर राजग गठबंधन के सांसद और विधायकों के हमले की एक और कड़ी में भाजपा सांसद उदय सिंह ने आज ‘वेदना रैली’ के बहाने तीखे बाण चलाते हुए राज्य में सुशासन के दावों पर सवालिया निशान लगाया।
स्थानीय इंदिरा गांधी स्टेडियम में 70 हजार से भी अधिक लोगों को संबोधित करते हुए पूर्णिया के सांसद ने कहा, ‘बिहार में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। तरक्की कहीं दिख नहीं रही है। जनता द्वारा चुने जाने के बाद 2005 में हर क्षेत्र में परिवर्तन करने वाली सरकार के दूसरे कार्यकाल में क्या हो गया है? लोग कह रहे हैं कि इतना भ्रष्टाचार तो पहले कभी नहीं था। जनता और सरकार के बीच ये कौन लोग आ गए हैं। सरकार जनता की बात नहीं सुन रही है। विकास का असर नहीं दिख रहा है।’
पूर्णिया से दो बार सांसद बने उदय सिंह अपने क्षेत्र में ठीक उस समय सभा को संबोधित कर रहे थे, जब अधिकार यात्रा के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पड़ोसी जिले किशनगंज में जदयू कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। करीब एक घंटे के संबोधन में उदय सिंह ने राज्य की बीपीएल, महादलित को तीन डिसमिल जमीन, लोकसेवाओं का अधिकार कानून, सरकार के सुशासन और विकास के दावे पर सवालिया निशान लगाया।
सांसद ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की लोकप्रियता पर भी सवाल उठाया और संकेत दिया कि आने वाले दिनों में जनता का असंतोष फूटेगा। इससे पहले बीते दिनों जदयू के एक बागी विधायक छेदी पासवान ने भी नीतीश सरकार पर करारा हमला बोला था। उन्होंने कहा, ‘मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी चाटुकारों से घिर गए हैं। हमारे नेता सावधान नहीं हुए तो जनता निराश हो जाएगी। जनता निराश हुई तो जो लोकप्रियता मिली है वह मिट्टी में मिल जाएगी।’ (एजेंसी)
First Published: Sunday, September 30, 2012, 18:17