Last Updated: Wednesday, January 18, 2012, 15:23
दिनेश शर्मा नई दिल्ली: खुफिया सूत्रों से पता चला है कि आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल का ए ग्रुप सीमा पार कर भारत में प्रवेश कर सकता है। जो पंजाब विधानसभा चुनाव में राजनीतिक दलों नेताओं और धार्मिक नेताओं को निशाना बना सकता है। आतंकवादियों की प्रमुक हिट लिस्ट में पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, उप मुख्य मंत्री सुखबीर सिंह बादल और राज्य के अन्य नेताओं के नाम शामिल हैं। इसके अलावे डेरा के नेता आशुतोष का भी नाम है। सुरक्षा एजेंसी के सूत्रों ने इसकी जानकारी ज़ी न्यूज को दी।
गृह मंत्रालय ने पंजाब में 30 जनवरी को विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए चुनाव प्रचार के दौरान राजनीतिक और धार्मिक नेताओं की सुरक्षा और मजबूत करने का फैसला किया। कुछ दिन पहले केंद्र सरकार ने पंजाब से सटे पाकिस्तान सीमा पर चौकसी बढ़ाने का फैसला किया है क्योंकि खुफिया सूत्रों ने जानकारी दी थी कि सीमा पर से चुनाव के दौरान आतंक फैलाने के लिए आतंकवादी घुसपैठ कर सकते हैं।
हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री पी चिदंबरम ने कहा था कि ऐसे संकेत मिले हैं कि पाकिस्तान स्थित आतंकवादियों ने कुछ ठिकानों को निशाना बनाने के लिए पहचान की थी। पंजाब चुनाव पर आतंकी खतरे के बारे में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए गृह मंत्री ने कहा था, हम पाकिस्तान से सटे राज्यों में सतर्कता के लेवल बढ़ाने को फैसला लिया है, इसमें पंजाब भी शामिल है।
24 दिसंबर को केंद्रीय जांच एजेंसी ने दिल्ली पुलिस को आगाह किया था। उसके बाद दिल्ली पुलिस ने पाकिस्तान आधारित आतंकी संगठन बीकेआई के दो सदस्य को गिरफ्तार किया था। उसके निशाने पर तीन धार्मिक नेता सिरसा के राम रहीम (हरियाणा), बनिहारवाले के प्यारा सिंह, आशुतोष (पंजाब) और इनके साथ-साथ पंजाब के कुछ राजनीतिक नेता शामिल थे।
पहले भी बीकेआई ने इन तीन धार्मिक नेताओं और अन्य राजनीतिक नेताओं की हत्या करने की कोशिश की थी।
First Published: Thursday, January 19, 2012, 15:56