पंजाब-हरियाणा में ठंड का कहर, पारा शून्य डिग्री तक गिरा

पंजाब-हरियाणा में ठंड का कहर, पारा शून्य डिग्री तक गिरा

चंडीगढ़ : पंजाब और हरियाणा में लोगों को कंपकंपाती सर्दी से कोई राहत नहीं मिली है और तापमान के सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस तक नीचे गिर जाने के कारण दोनों राज्यों में आम जीवन प्रभावित हुआ है। पूरे उत्तर भारत में शीतलहर जारी रहने के बीच हरियाणा के नारनौल में पारा शून्य डिग्री तक लुढ़क गया जो सामान्य से पांच डिग्री कम है। यह इस मौसम का न्यूनतम तापमान है।

पंजाब, हरियाणा और केंद्रशासित चंडीगढ़ में सामान्य जनजीवन प्रभावित होने के साथ मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि अगले 24 घंटों के दौरान भी शीतलहर जारी रहेगी। आसमान में आंशिक बादल के साथ साथ कोहरा भी बना रहेगा। क्षेत्र में घने कोहरे के कारण रेल, सड़क और हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ है जिससे यात्रियों को परेशानी हो रही है।

अधिकारियों ने बताया कि कई ट्रेनें विलंब से चल रही हैं वहीं चंडीगढ़ आने वाली या यहां से रवाना होने वाली उड़ानें भी प्रभावित हुयी हैं। मौसम विभाग के अनुसार चंडीगढ़ में तापमान चार डिग्री तक गिर गया जो सामान्य से एक डिग्री कम है। हिसार में न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से चार डिग्री कम है। इसी प्रकार अंबाला, करनाल, लुधियाना, पटियाला आदि शहरों में भी तापमान सामान्य से कम रिकार्ड किया गया। (एजेंसी)

First Published: Saturday, January 5, 2013, 15:56

comments powered by Disqus