पार्टी के झंडे का दुरुपयोग बंद हो: अखिलेश

पार्टी के झंडे का दुरुपयोग बंद हो: अखिलेश

पार्टी के झंडे का दुरुपयोग बंद हो: अखिलेशलखनऊ : उत्तर प्रदेश में सत्तारुढ समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं को चेतावनी भरे अंदाज में कहा है कि कारों और वाहनों पर पार्टी के झंडे के दुरुपयोग तत्काल बंद होना चाहिए।

अखिलेश ने मंगलवार को यहां दिवंगत समाजवादी पार्टी नेता जनेश्वर मिश्र की तीसरी पुण्यतिथि पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के अनेक भागों से कारों और वाहनों पर पार्टी के झंडे के दुरुपयोग की शिकायतें मिल रही हैं। इस चलन पर तत्काल रोक लगनी चाहिए। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के वाहनों पर ’मिशन 2014’ लिखे स्टिकर हटाये जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इससे गलत संदेश जाता है।

मुख्यमंत्री ने राजधानी में जनेश्वर मिश्र के नाम पर बनने वाले पार्क को लोहिया पार्क से भी बडा बनाये जाने का संकल्प जताते हुए कहा कि उनके नाम से चल रही विकास योजनाओं से प्रदेश के एक हजार गांवों का कायाकल्प हो जायेगा। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने जनेश्वर मिश्र पार्क के लिए निर्धारित भूखंड पर अपना दावा ठोक दिया था। मगर हमने अदालत में उनके दावे के विरोध में पर्याप्त सबूत दे दिये है। यह पार्क बहुत बडा बनेगा और दिवंगत नेता को सच्ची श्रद्धांजलि का प्रतीक बनेगा।

प्रदेश सपा अध्यक्ष ने 2014 में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को कमर कसकर मैदान में जुट जाने की अपील की और आगाह करते हुए कहा कि हमें यह सुनिश्चित करना है कि चुनाव अभियान में किसी प्रकार की कोई कोर कसर न रह जाए। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, January 22, 2013, 20:05

comments powered by Disqus