Last Updated: Thursday, December 27, 2012, 21:41

नई दिल्ली : दिल्ली में प्रवासियों के अनियंत्रित आगमन को बड़ी चुनौती मानते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने आज मौजूदा बुनियादी ढांचे और संसाधनों पर जबर्दस्त दबाव के लिए तेजी से बढ़ रही आबादी को दोषी ठहराया। राष्ट्रीय विकास परिषद की बैठक में शीला ने कहा कि दिल्ली में अप्रत्याशित चुनौतियां हैं। उन्होंने देश भर से लोगों के अनियंत्रित आगमन को चिन्ता की बड़ी वजह बताया। उन्होंने कहा कि ऊंचा वेतन, बेहतर शैक्षिक एवं स्वास्थ्य सुविधाएं, रोजगार के अधिक अवसर ऐसे कुछ कारण हैं जो इतनी बडी संख्या में लोगों के आगमन के लिए जिम्मेदार हैं।
शीला ने कहा कि बढ़ती आबादी ने आवास, स्वच्छता, बिजली, पानी, सीवेज, जन स्वास्थ्य और परिवहन प्रणाली पर जबर्दस्त दबाव डाला है। उन्होंने कहा कि निजी वाहनों की बढ़ती संख्या भी एक अन्य समस्या है जो फिलहाल थमती नहीं नजर आ रही है। विभिन्न चुनौतियों से निपटने में उनकी सरकार को पेश आ रही समस्याओं का जिक्र करते हुए शीला ने कहा कि दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा नहीं है और पुलिस एवं भूमि यहां केन्द्र के नियंत्रणाधीन है।
First Published: Thursday, December 27, 2012, 21:41