Last Updated: Thursday, February 28, 2013, 16:23
कोलकाता : पश्चिम बंगाल में हुए तीन उपचुनावों में से एक एक सीट सत्तारूढ तृणमूल कांग्रेस, विपक्षी कांग्रेस और वाममोर्चा के बीच बंट गयी है। पहले ये तीनों सीटें कांग्रेस के पास थीं और तब कांग्रेस एवं तृणमूल कांग्रेस ने मिलकर चुनाव लड़ा था।
कांग्रेस ने मुर्शिदाबाद की रेजीनगर सीट पर अपने पूर्व विधायक और तृणमूल कांग्रेस के मंत्री हुमायूं कबीर को हराकर अपनी पूर्व सहयोगी तृणमूल कांग्रेस से बदला ले लिया। कांग्रेस के रबीबुर आलम चौधरी ने अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी वाममोर्चा के सिराजुल इस्लाम मंडल को 11,722 मतों से हराया। यहां सत्तारूढ तृणमूल कांग्रेस तीसरे स्थान पर रही। वाममोर्चा उम्मीदवार दीपक चटर्जी ने बीरभूम जिले की नलहाटी सीट पर कांग्रेस के अब्दुर्रहमान को 7,742 मतों के अंतर से हरा दिया। यहां भी सत्तारूढ पार्टी को तीसरे स्थान से ही संतोष करना पड़ा।
सत्तारूढ दल के लिये एकमात्र संतोष की बात यह रही कि उसने मालदा जिले की इंग्लिश बाजार सीट जीत ली। यहां उनके मंत्री कृष्णनेन्दु नारायण चौधरी ने वाममोर्चा के कौशिक मिश्र को 20,452 मतों से हराया। पिछली बार उन्होंने यह सीट कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर जीता था। वर्ष 2011 के विधानसभा चुनावों में ये तीनों सीटें कांग्रेस के खाते में गयी थीं और उस समय तृणमूल कांग्रेस और कांग्रेस ने मिलकर चुनाव लड़ा था। (एजेंसी)
First Published: Thursday, February 28, 2013, 16:23