Last Updated: Wednesday, June 5, 2013, 23:25
नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और दिल्ली में फिर से गर्म हवाओं ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है जिससे दिल्ली में बुधवार को तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
सफदरगंज केंद्र में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से तीन डिग्री अधिक है जबकि कल तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
न्यूनतम तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री अधिक 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि कल के 28.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के मुकाबले 2.3 डिग्री अधिक है।
इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर मौसम विज्ञान विभाग के प्रभारी निदेशक आर के जेनामणि ने कहा कि एनसीआर और दिल्ली के पश्चिमी हिस्सों में बुधवार दोबारा गर्म हवाएं चलने लगी। पालम में 46.4 डिग्री और सफदरजंग में 43.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। पालम में कल 42.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। इससे पहले दिल्ली में 19 से 25 मई तक गर्म हवाएं चली थीं। उस दौरान तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आस पास रहा था। आर्द्रता 21 से 60 प्रतिशत के बीच दर्ज की गई।
मौसम विभाग कार्यालय ने कल आसमान साफ रहने का अनुमान जताया है। इसके साथ ही कल अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, June 5, 2013, 23:25