Last Updated: Thursday, January 5, 2012, 07:35
शिमला: हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनाली में गुरुवार को मध्यम दर्जे का हिमपात हुआ। ताजा हिमपात और पर्यटकों की आमद बढ़ने से होटल व्यवसाय से जुड़े लोगों में प्रसन्नता है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि मनाली की सोलांग की स्की ढलानों पर बुधवार शाम से हिमपात हो रहा है।
उन्होंने बताया कि मनाली में नौ सेंटीमीटर हिमपात हुआ। गुरुवार को यहां का तापमान शून्य से एक डिग्री नीचे दर्ज किया गया था।
मनाली से सटे शिमला, कुफ्री, फागू एवं नरकांडा में भी हिमपात हुआ। शिमला में रात का तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस था। जबकि किन्नौर जिले के कालपा में तापमान शून्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटे से किन्नौर, लाहौल एवं स्पीति, कुल्लू, शिमला और चंबा जिले की पहाड़ियों पर औसत हिमपात हुआ है। जैसे ही मैदानी इलाकों में हिमपात की खबर पहुंची है, शिमला, मनाली सहित अन्य स्थलों पर पर्यटक उमड़ पड़े हैं।
(एजेंसी)
First Published: Thursday, January 5, 2012, 13:05