Last Updated: Tuesday, June 25, 2013, 11:43
गाजियाबाद : विपक्षी बसपा ने कानून एवं व्यवस्था के मुद्दे को लेकर उत्तर प्रदेश में सत्ताधारी समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा और कहा कि सपा जब भी शासन में आती है अपराध दर में बढ़ोतरी होती है। राज्यसभा सदस्य एवं बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र ने कहा, सपा जब भी सत्ता में आती है राज्य में अपराध की दर बढ़ जाती है। मिश्र बसपा द्वारा यहां रामलीला मैदान में आयोजित ‘ब्राह्मण सभा’ को संबोधित कर रहे थे। पार्टी लोकसभा चुनाव से पहले राज्य में ब्राह्मणों को लुभाने के लिए प्रचार कर रही है।
उन्होंने कहा कि मायावती सरकार ने अपने कार्यकाल में पूरे उत्तर प्रदेश में कानून एवं व्यवस्था बनाये रखी। उन्होंने कहा कि राज्य में ब्राह्मण समाज बंट गया है तथा उसे अपना अधिकार लेने के लिए एकजुट होना होगा। उन्होंने कहा, सपा ब्राह्मणों और दलितों के कल्याण के बारे में नहीं सोचती। केवल बसपा है जो दोनों वर्गों के बारे में सोचती है। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, June 25, 2013, 11:43