बस चालक ने ली 9 की जान, 27 घायल - Zee News हिंदी

बस चालक ने ली 9 की जान, 27 घायल

ज़ी न्यूज ब्यूरो/एजेंसी
पुणे : शहर के भीड़-भाड़ वाली एक सड़क पर एक बस चालक की मनोदशा अचानक हिंसक हो गई और बुधवार सुबह उसने सामने से आ रहे सभी वाहनों को टक्कर मार दी, जिसमें 9 लोगों की मौत हो गई और 27 अन्य घायल हो गए। घायलों में 6 लोगों की हालत गंभीर है।

 

शहर के बीचों बीच स्थित स्वर्गते इलाके के लिए बुधवार एक मनहूस दिन जैसा था। महाराष्ट्र राज्य निगम की एक बस पुणे-सोलापुर मार्ग पर गलत दिशा से आ रही थी और उसने सामने से आ रहे सभी वाहनों को टक्कर मार दी तथा पैदल चल रहे लोगों को घायल कर दिया।

 

पुलिस ने बताया कि करीब आधे घंटे तक बस चालक संतोष माणे (30) का पीछा करने के बाद उसे शहर के नीलायम थिएटर के पास गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि शुरुआती रिपार्टों के मुताबिक, बस चालक मानसिक रूप से परेशान था।  एडीजी (कानून व्यवस्था) सतपाल सिंह ने बताया, ‘इस हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई और 27 अन्य घायल हो गए।’ स्वर्गते बस टर्मिनल के अधिकारियों ने बताया कि वे इस घटना की जांच कर रहे हैं। इस बस के सतारा के लिए रवाना होने का कार्यक्रम था।

 

पुणे पुलिस आयुक्त मीरन बोरवांकर ने कहा कि माणे ड्यूटी के लिए अधिकृत बस चालक था और वह सतारा जाने वाली निगम की बस चालक की सीट पर तय कार्यक्रम के मुताबिक बैठा था। उन्होंने कहा, ‘बस पर चढ़ने बाद उसकी मनोदशा हिंसक हो गई। वह वाहनों और पैदल चल रहे लोगों को टक्कर मारने लगा। वह खतरनाक ‘मूड’ में था।’ मीरन ने बताया कि चालक ने सुबह 8.15 बजे बस को स्टार्ट किया, उस वक्त स्कूल बसों की आवाजाही का वक्त होता है।

First Published: Wednesday, January 25, 2012, 12:39

comments powered by Disqus