बिहार : अगवा किए गए सात मजदूर रिहा - Zee News हिंदी

बिहार : अगवा किए गए सात मजदूर रिहा

 

जमुई : बिहार के जमुई जिले के खरा थाना अंतर्गत पकरी गांव से बीते शुक्रवार को अगवा किए सात मजदूरों को माओवादियों ने कल देर रात सोनो क्षेत्र में पहाड़ी के पास मुक्त कर दिया।

 

पुलिस अधीक्षक रामनारायण सिंह ने बताया कि नक्सलियों ने सातों मजदूरों को रविवार को रात करीब 11.30 बजे जिले के सोनो थाना अंतर्गत रजौन बिशनपुर गांव के समीप एक पहाड़ी पर मुक्त कर दिया। सभी मजदूर एक वाहन में सवार होकर अपने गांव आ गए। पुलिस की लगातार कार्रवाई के कारण नक्सलियों ने मजदूरों को रिहा कर दिया।

 

उन्होंने बताया कि सभी मजदूर सकुशल है और चिकित्सकीय जांच के लिए उन्हें सदर अस्पताल भेज दिया गया है। खरा थाना में सभी से पूछताछ की गई है। सिंह ने बताया कि पहाड़ी के समीप मुक्त किए जाने के बाद सभी मजदूर पैदल चलकर अगहरा पहुंचे जहां से वे वाहन पर सवार होकर खरा आए।

 

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को तड़के पकरी गांव में किउल नदी पर बन रहे एक पुल और पास में पानी टंकी के निर्माण कार्य में लगे सात मजदूरों का प्रतिबंधित संगठन भाकपा माओवादी के करीब 50 सदस्यों ने अपहरण कर लिया था। गांव में बिहार पुल निर्माण निगम और पीएचइडी द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा था।

(एजेंसी)

First Published: Monday, December 12, 2011, 14:00

comments powered by Disqus