Last Updated: Monday, November 19, 2012, 13:15
पटना: बिहार में लोक आस्था के पर्व छठ की भक्ति के रंग में जहां पूरा जनमानस रंगा है वहीं जेलों में सजायाफ्ता कैदी भी भगवान सूर्य की उपासना का व्रत पूरे भक्तिभाव से कर रहे हैं। बिहार के जेलों में ऐसे छठव्रतियों की संख्या 100 से भी अधिक है।
राजधानी पटना के बेउर आदर्श कारागार में 20 कैदी छठ पर्व कर रहे हैं। जेल प्रशासन ने कैदियों के लिए पूजा सामग्री सहित सूर्य को अर्घ्य देने के लिए कृत्रिम जलकुंड की व्यवस्था की है।
आमतौर पर महिलाओं के माने जाने वाले इस व्रत पुरुष कैदी भी रख रहे हैं। छठ व्रतियों में 14 महिलाएं और छह पुरुष शामिल हैं।
सबसे अधिक 40 कैदी पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी केंद्रीय कारागार में छठ व्रत कर रहे हैं। जेल में बंद महिला नक्सली मंजू देवी सहित 26 महिला और 14 पुरुष कैदी व्रत रखे हुए हैं। यहां कैदी बीते कई वर्ष से छठ कर रहे हैं इसलिए यहां पर तालाब की व्यवस्था है।
भागलपुर में महिला मंडल कारागार, केंद्रीय जेल और विशेष मंडल कारागार को मिलाकर तीनों जेलों में मिलाकर 81 कैदी छठ व्रत रखे हुए हैं। इसमें से चार कैदी आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं। जेल प्रशासन ने कैदियों के लिए छठ पूजन की सारी व्यवस्था की है। भागलपुर महिला मंडल कारागार के प्रभारी अधीक्षक रूपक कुमार ने बताया कि 35 महिला कैदियों ने छठ व्रत रखा है।
बक्सर ओपन जेल में एक परिवार तो परिवार सहित छठ व्रत कर रहा है। यहां कैदियों को परिवार के साथ रहने की व्यवस्था है। ओपन जेल में एक परिवार छठ कर रहा है। गंगा नदी के तट पर ही इस परिवार के लिए अर्घ्य देने की व्यवस्था है। केंद्रीय जेल में दो लोग छठ व्रत कर रहे हैं। उनके लिए जलकुंड और पूजा अर्चना के लिए पूजा सामग्री और नये कपडों की व्यवस्था की गयी है।
वैशाली जिले के मंडल कारागार के वार्डन सत्येंद्र कुमार ने बताया कि इस बार जेल में 33 कैदी छठ का व्रत कर रहे हैं। इसमें महिला कैदियों की संख्या 13 है। इसी प्रकार मुजफ्फरपुर में स्थित खुदीराम बोस केंद्रीय कारागार में कुल 90 कैदी छठ व्रत कर रहे हैं। जेल प्रशासन ने बताया कि 35 महिला कैदी छठ व्रत कर रही हैं।
नक्सल प्रभावित जिले मुंगेर के मंडल कारागार में 10 कैदी छठ व्रत कर रहे हैं। इसमें कमल तांती नामक एक आजीवन कारावास प्राप्त कैदी भी है। कमल बीते 11 वर्ष से छठ व्रत कर रहा है। यहां आठ सौ कैदी है जिसमें कमल तांती बीते 11 वर्ष से छठ व्रत कर रहा है।
सोमवार को छठव्रती अस्ताचलगामी (डूबते हुए) सूर्य को नदी, सरोवरों और पोखरों में अर्घ्य देंगे जबकि मंगलवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ इस लोकपर्व का समापन हो जाएगा। (एजेंसी)
First Published: Monday, November 19, 2012, 13:15