बिहार भाजपा अध्यक्ष पद पर मंगल पांडेय की ताजपोशी

बिहार भाजपा अध्यक्ष पद पर मंगल पांडेय की ताजपोशी

बिहार भाजपा अध्यक्ष पद पर मंगल पांडेय की ताजपोशी पटना : उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार के करीबी सहयोगी मंगल पांडेय को कई वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में औपचारिक रूप से आज बिहार भाजपा का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार के रूप में मंगल पांडेय ने गुरुवार को अपना नामांकन भरा था। केंद्रीय नेतृत्व की ओर से नियुक्त निर्वाचन पदाधिकारी और दिल्ली नगर निगम की पूर्व महापौर आरती मेहरा ने पार्टी नेताओं की उपस्थिति में प्रतिनिधि सभा में पांडेय के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में चुने जाने की घोषणा की।

भाजपा की आज हुई प्रतिनिधि सभा में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सीपी ठाकुर सहित अन्य क्षुब्ध नेताओं को शामिल कराने के लिए अंतिम समय तक भाजपा के शीर्ष नेताओं को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पांडेय के नामांकन भरने के दौरान वीरचंद पटेल मार्ग स्थित प्रदेश कार्यालय में भी ठाकुर उपस्थित नहीं थे। वहीं, पटना हवाई अड्डे पर क्षुब्ध कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय नेताओं अनंत कुमार और धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ काफी नारेबाजी और प्रदर्शन किया था। पार्टी कार्यकर्ता कथित तौर पर 81 वर्षीय ठाकुर को दोबारा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त करने की मांग कर रहे थे।

कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और विधानपरिषद के पूर्व सभापति ताराकांत झा, उपमुख्यमंत्री और प्रदेश के कई नेताओं ने पांडेय को 2014 के लोकसभा चुनावों बेहतर प्रदर्शन सहित भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। बाद में 44 वर्षीय मंगल पांडेय ने वायदा किया कि वह नेताओं और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलते हुए संगठन को मजबूत करेंगे। आगामी लोकसभा चुनावों में भाजपा और जदयू का गठबंधन सभी 40 सीटों पर जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की सरकार ने बिहार को सामाजिक आर्थिक निराशा की स्थिति से निकाला है। पांडेय ने कहा कि समय की मांग है कि भाजपा कार्यकर्ता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के हाथ को मजबूत करें। (एजेंसी)

First Published: Friday, January 18, 2013, 19:20

comments powered by Disqus