बिहार भाजपा की हुंकार रैली 27 अक्तूबर को

बिहार भाजपा की हुंकार रैली 27 अक्तूबर को

पटना : बिहार प्रदेश भाजपा की हुंकार रैली का आयोजन 15 अप्रैल के बजाए अब 27 अक्तूबर को किया जाएगा। बिहार प्रदेश भाजपा की दो दिवसीय राज्य कार्यसमिति की बैठक के समापन पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय ने आज यहां संवाददाताओं को संबोधित करते हुए बताया कि आगामी 30 सितम्बर तक भाजपा की विभिन्न तरह की गतिविधियों के बूथों तक सक्रिय हो जाने के बाद आगामी 27 अक्तूबर को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में हुंकार रैली का आयोजित की जाएगी।

उन्होंने हुंकार रैली को पार्टी का एक बड़ा आयोजन बताते हुए कहा कि प्रदेश की साढ़े दस करोड़ जनता की भावनाओं के साथ वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में दिल्ली से सपंग्र की सरकार को अपदस्थ करने का काम करेंगे। हुंकार रैली में गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को बुलाए जाने के बारे में पूछे जाने पर पांडेय ने कहा कि जब इस प्रकार के कार्यक्रम होते हैं तो उसमें कौन-कौन नेता भाग लेंगे यह भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व तय करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व जिन नेताओं का नाम तय करेगा उसके स्वागत के लिए बिहार के भाजपा कार्यकर्ता तैयार रहेंगे।

अगले लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी को भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने को लेकर पूछे गए एक प्रश्न पर पांडेय ने कहा कि इस बारे में पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व तय करेगा और भाजपा की प्रदेश इकाई का अध्यक्ष होने के नाते वे उसका अनुपालन करेंगे। (एजेंसी)

First Published: Sunday, March 17, 2013, 23:08

comments powered by Disqus