Last Updated: Wednesday, July 10, 2013, 14:59
पटना : बिहार के नालंदा जिले के सोहडीह गांव के किसान अपने खेतों में उगी सब्जियों को यूरोपीय बाजार में बेचने की तैयार कर रहे हैं। फ्रांस की निरीक्षण और प्रमाणन संस्था इकोसर्ट का प्रतिष्ठित सी3 प्रमाणपत्र हासिल करने के बाद किसान अपने आलू, कद्दू, लहसुन, मिर्च और भिंडी जैसी सब्जियों को ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी तथा यूरोपीय संघ के अन्य देशों में बेच पाने की उम्मीद कर रहे हैं।
सोहडीह गांव बिहार में पूर्ण जैविक दर्जा हासिल करने वाला पहला गांव बन गया है। एक किसान राकेश कुमार ने कहा कि इससे हमें अपने जैविक उत्पादों को अंतर्राष्ट्रीय और राष्ट्रीय बाजारों में बेचने का एक बड़ा सुनहरा मौका मिलेगा। एक अन्य किसान रितेश कुमार ने भी कहा कि उसे भी जैविक सब्जियों के निर्यात से समृद्धि की उम्मीद है।
जिला बागवानी अधिकारी देव नारायण महतो ने कहा कि इकोसर्ट ने गांव के 180 हेक्टेयर भूक्षेत्र को 100 फीसदी जैविक दर्जा प्रदान किया है। महतो ने बताया कि गांव के किसानों को रासायनिक खेती छोड़कर जैविक खेती तक पहुंचने में दो साल लगे। सबौर स्थित बिहार कृषि विश्वविद्यालय के दूरवर्ती शिक्षा निदेशक आर.के. सोहाने ने कहा कि इससे इस गांव और इसके आसपास के क्षेत्र की तस्वीर बदल जाएगी। उन्होंने कहा कि अब इस गांव के किसानों को अंतर्राष्ट्रीय निर्यात कम्पनियों से रिश्ता बनाने का मौका मिलेगा। जिला कृषि अधिकारियों के मुताबिक इस गांव को यह दर्जा मिलना पूरे राज्य के लिए गौरव की बात है।
उन्होंने कहा कि यह कोई छोटी उपलब्धि नहीं है। कृषि उत्पादों को 118 रसायनों, कीटनाशकों और ऊर्वरकों की जांच के परीक्षण से गुजरना पड़ा है। उन्होंने कहा कि जैविक उत्पादों के क्षेत्र में काम करने वाली मुम्बई और कोलकाता की कुछ कम्पनियों ने यहां शेर-ए-बिहार सोहडीह कृषक हित समूह के किसानों को ठेका देना शुरू कर दिया है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने गृह जिले नालंदा में जैविक खेती को बढ़ावा देने में काफी दिलचस्पी ले रहे हैं।
एक अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने गांव में जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए 255 करोड़ रुपये की राशि को मंजूरी दी है। नालंदा के जिला अधिकारी ने बताया कि पहले किसानों ने इसे स्वीकार करने में हिचक दिखाई, लेकिन बाद में अधिकाधिक किसान जैविक खेती में दिलचस्पी लेने लगे हैं। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, July 10, 2013, 14:59