Last Updated: Thursday, April 4, 2013, 18:24

राजसमंद : भाजपा की राजस्थान इकाई ने गुरुवार को अपनी ‘सूरज संकल्प यात्रा’ यहां से शुरू की।
राज्य में इस साल के आखिर तक विधानसभा चुनाव होने हैं और इस यात्रा को चुनाव के लिये भारी जनसमर्थन जुटाने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।
भाजपा की राज्य इकाई प्रमुख वसुंधरा राजे ने चारभुजा मंदिर से यह यात्रा शुरू की। इस मौके पर उन्होंने लोगों से कांग्रेस को सत्ता से उखाड़ फेंकने और एक नया राजस्थान बनाने के लिये संयुक्त प्रयास करने का आह्वान किया।
वसुंधरा ने कहा कि मुझे आप सभी में आत्मविश्वास नजर आता है और कोई भी हमें आगे बढ़ने से नहीं रोक सकता। हमें कांग्रेस को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिये संयुक्त रूप से प्रयास करने की जरूरत है। राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा की वरिष्ठ नेता वसुंधरा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार उनके खिलाफ साजिश रच रही है और उनके खिलाफ ‘‘झूठे’’ आरोपों की जांच के लिये एक आयोग बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार किसानों, युवाओं को राहत देने में नाकाम रही है और कानून एवं व्यवस्था की स्थिति भी बिगड़ चुकी है। इसलिये राज्य को एक सकारात्मक बदलाव की जरूरत है।’’ वसुंधरा ने कांग्रेस के नेताओं पर पार्टी की ‘संदेश यात्रा’ में उनके खिलाफ आपत्तिजनक भाषा इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया। कांग्रेस ने पिछले हफ्ते जयपुर में अपनी ‘संदेश यात्रा’ शुरू की थी।
इस मौके पर भाजपा के सांसद, विधायक और पार्टी के राज्य उपाध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी भी मौजूद थे। यह यात्रा जुलाई में खत्म होगी। (एजेंसी)
First Published: Thursday, April 4, 2013, 18:24