Last Updated: Friday, December 14, 2012, 23:29
ज़ी न्यूज़ ब्यूरोरायपुर : छत्तीसगढ़ की रमन सिंह सरकार ने राज्य के स्थापना दिवस समारोह में बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर के सिर्फ 8 मिनट के डांस पर जनता के टैक्स अदायगी के 1 करोड़ 40 लाख 71 हजार रुपए लुटा दिए। गुरुवार को सरकार के मंत्री ब्रजमोहन अग्रवाल ने खुद यह खुलासा किया।
दरअसल राज्य के स्थापना दिवस के मौके पर राज्यभर में समारोह आयोजित किए गए थे। नया रायपुर में एक नवंबर को आयोजित समारोह में करीना का डांस (ठुमके) कार्यक्रम भी आयोजित किया गया था। करीना ने इस शो में सिर्फ 8 मिनट का डांस किया था। इसके लिए करीना को 1 करोड़ 40 लाख 71 हजार रुपए दिए गए।
कांग्रेस विधायक मोहम्मद अकबर ने राज्य के स्थापना दिवस के मौके पर हुए खर्चों का विस्तृत ब्योरा मांगा था। सार्वजनिक निर्माण मंत्री ब्रजमोहन अग्रवाल ने लिखित में जानकारी दी कि समारोह में कुल 245 कलाकारों ने प्रस्तुति दी थी। 1 से 7 नवंबर तक चले इस समारोह में 245 कलाकारों पर 5 करोड़ 21 लाख 22 हजार 500 रुपए खर्च हुए।
अग्रवाल ने हर कलाकार को दिए गए मेहनताने की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि करीना के अलावा गायक सोनू निगम को 36 लाख 50 हजार, गायिका सुनिधी चौहान को 32 लाख, अभिनेत्री दीया मिर्जा को 22 लाख, गायक हिमेश रेशमिया को 24 लाख, गजल गायक पंकज उधास को 90 हजार रुपए दिए गए।
First Published: Friday, December 14, 2012, 10:23