Last Updated: Saturday, February 2, 2013, 20:27

नई दिल्ली : अगले साल होने जा रहे राजस्थान के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के रूप में भाजपा ने आज पार्टी की प्रदेश इकाई की कमान एक बार फिर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को सौंप कर प्रदेश संगठन में एकता लाने का प्रयास किया।
राजे को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बना कर पार्टी ने एक तरह से उन्हें पार्टी के मुख्यमंत्री के उम्मीदवार के रूप में पेश कर दिया है लेकिन इस बारे में अंतिम फैसला विधानसभा चुनावो के नतीजे आने के बाद किया जाएगा।
भाजपा के नए अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने सुषमा स्वराज और अरूण जेटली की मौजूदगी में राजे को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के साथ गुलाब चंद कटारिया को विधानसभा में विपक्ष का नेता घोषित किया। अभी तक राजे विपक्ष की नेता थीं।
इससे पहले सिंह ने राज्य भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं से बैठक करके सभी तरह के असंतोष को समाप्त करने का प्रयास करके चुनाव के दौरान पार्टी की एकजुट तस्वरी पेश करने पर जोर दिया।
भाजपा अध्यक्ष ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘वसुंधरा राजे के नेतृत्व में पार्टी एकजुट होकर काम करेगी।’’ प्रदेश अध्यक्ष का कार्यभार सौंपे जाने के तुरंत बाद राजे ने कहा, ‘‘भाजपा एक परिवार है। इसमें केवल हम ही नहीं बल्कि कार्यकर्ता भी शामिल हैं। यह एक बड़ा परिवार है और जैसा कि गुलाब चंद कटारिया ने कहा, हम सबको साथ लेकर चलेंगे।’’ (एजेंसी)
First Published: Saturday, February 2, 2013, 20:27