Last Updated: Thursday, September 20, 2012, 09:20

लखनऊ: केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों, डीजल की कीमतों में वृद्धि और रसोई गैस की राशनिंग के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गुरुवार को आयोजित देशव्यापी बंद का उत्तर प्रदेश में सुबह से ही असर दिखायी दे रहा है। कई शहरों में भाजपा कार्यकर्ताओं का विरोध-प्रदर्शन जारी है। भाजपा कार्यकर्ता सुबह से ही अलग-अलग स्थानों पर सड़कों पर उतरकर केंद्र सरकार के इन फैसलों पर अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं। भाजपा के कई नेता राज्यभर अलग-अलग जगहों पर कार्यकर्ताओं का नेतृत्व कर रहे हैं।
वाराणसी, इलाहाबाद, कानपुर और मेरठ में गुरुवार सुबह ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने कई जगहों पर चक्का जाम किया। इसके अलावा प्रदर्शनकारियों ने कई जगहों पर रेलगाड़ियां रोककर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान भाजपाईयों ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और सोनियां गांधी का पुतला भी फूंका।
भाजपा के अलावा सूबे की सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) और कई व्यापारी संगठन भी बंद को समर्थन दे रहे हैं। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने अपने आपको इस बंद से अलग रखा है। उसने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ अगले महीने नौ अक्टूबर को महासंकल्प रैली का ऐलान किया है। (एजेंसी)
First Published: Thursday, September 20, 2012, 09:20