मछली के पेट में हथियार, पांच गिरफ्तार

मछली के पेट में हथियार, पांच गिरफ्तार

पटना : शहर के पीरबहोरा थाना अंतर्गत गंगा नदी किनारे कृष्णाघाट से आज पुलिस ने मछली के पेट में हथियार रखकर तस्करी करने वाले एक गिरोह के पांच सदस्यों को पांच पिस्तौल और नौ मैगजीन के साथ गिरफ्तार किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनु महाराज ने बताया कि कल पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ हथियार तस्कर बाहर से हथियारों को लेकर कृष्णाघाट आए हुए हैं और हथियार खरीदने वाले ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नगर पुलिस अधीक्षक जयकांत के निर्देशन में नगर पुलिस उपाधीक्षक मनोज तिवारी, पटना सिटी पुलिस उपधीक्षक राजेश कुमार और पीरबहोर थाना अध्यक्ष एस ए हाशमी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कृष्णाघाट पर इन हथियार तस्करों को पांच पिस्तौल और नौ मैगजीन के साथ गिरफ्तार कर लिया। बरामद पिस्तौल के बैरल पर मेड इन यूएसए लिखा है।

महाराज ने बताया कि गिरफ्तार हथियार तस्करों के नाम नीतीश कुमार, मनीष कुमार, गुड्डू शर्मा, संजय कुमार और राहुल कुमार हैं। उन्होंने बताया कि इस गिरोह के सदस्य मुंगेर से हथियार लाकर उसे अपराधियों के हाथ बेचते थे। इसके कुछ सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। (एजेंसी)

First Published: Sunday, July 28, 2013, 21:16

comments powered by Disqus