मधुबनी उपद्रव के बाद न्यायिक जांच के आदेश

मधुबनी उपद्रव के बाद न्यायिक जांच के आदेश

मधुबनी/पटना : बिहार के मधुबनी में शुक्रवार को पुलिस फायरिंग में दो लोगों की मौत होने और कई सरकारी कार्यालयों के फूंके जाने की घटना के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मामले की न्यायिक जांच के आदेश दे दिए हैं। दूसरी ओर मामले में जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित दरभंगा के पुलिस महानिरीक्षक को हटा दिया गया है। राज्य के गृह विभाग के प्रधान सचिव आमिर सुबहानी ने शनिवार को कहा कि मधुबनी में शनिवार की सुबह स्थिति नियंत्रण में हैं। सरकार पूरे मामले को गम्भीरता से ले रही है। अधिकारियों को भी हटा दिया गया है। पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार सुबह पुलिस अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ प्रभावित इलाकों में लैग मार्च किया।

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार की देर रात मामले की समीक्षा करने के बाद दरभंगा प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक आऱ क़े मिश्रा को हटकार उनके स्थान पर पुलिस महानिरीक्षक (मुख्यालय) ज़े एस़ गंगवार को तैनात कर दिया है जबकि नए पुलिस अधीक्षक के रूप में रंजीत कुमार मिश्रा और जिलाधिकारी के रूप में लोकेश कुमार सिंह को तैनात किया गया है। रात को ही नए पुलिस अधीक्षक मधुबनी पहुंच गए हैं। एक अधिकारी के अनुसार मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक और गृह विभाग के प्रधान सचिव को स्थिति पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया है।

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को छात्र प्रशांत हत्याकांड को लेकर तथा उसका शव परिजनों को सौंपने को लेकर छात्रों सहित सैकड़ों लोग सड़क पर उतर आए थे। लोगों पर काबू पाने के लिए पुलिस को गोली चलानी पड़ी, जिसमें दो छात्रों की मौत हो गई। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच संघर्ष में एक पुलिस उपाधीक्षक सहित तीन पुलिसकर्मी और सात लोग घायल हो गए थे। आक्रोशित लोगों ने कई सरकारी कार्यालयों और वाहनों को फूंक दिया।

उल्लेखनीय है कि करीब एक महीने पूर्व इंडियन पब्लिक स्कूल का छात्र 17 वर्षीय प्रशांत कुमार रहस्यमय ढंग से लापता हो गया। इसके बाद दो अक्टूबर को एक सिर कटा शव पुलिस ने थाना क्षेत्र से ही बरामद किया। परिजनों ने प्रशांत के शव की पहचान की। उन्होंने शव की मांग की लेकिन पुलिस ने शव उन्हें नहीं सौंपा। इसके बाद प्रशांत के परिजनों ने समाहरणालय के समक्ष आमरण अनशन प्रारम्भ कर दिया था। आक्रोशित लोग मधुबनी जिला शिक्षा परियोजना पदाधिकारी जगपत चौधरी, कर्मचारी नारायण झा और शिक्षक बेचन झा की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं व पूरे मामले की जांच केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग पर अड़े हैं। (एजेंसी)

First Published: Saturday, October 13, 2012, 12:37

comments powered by Disqus