मधु कोड़ा अस्पताल से जेल भेजे गए - Zee News हिंदी

मधु कोड़ा अस्पताल से जेल भेजे गए



रांची : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा को बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में फिर से भेज दिया गया है। गत 31 अक्तूबर को जेल के कैदियों द्वारा कथित तौर पर पिटाई किए जाने के बाद कोड़ा को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जेल के एक अधिकारी ने यहां बताया कि कोड़ा के अतिरिक्त उनके मंत्रिमंडल के पूर्व सहयोगी भानु प्रताप शाही और उनके कथित सहायक विजय जोशी को भी कल राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, रिम्स से छुट्टी दे दी गई।

 

 

भारतीय सेना के चिकित्सकों के एक दल द्वारा नामकोम सैन्य अस्पताल में जांच किए जाने के एक दिन बाद अस्पताल से उन्हें छुट्टी दे दी गई। उच्च न्यायालय ने गत 19 दिसंबर को जेल अधिकारियों को आदेश दिया था कि इन तीनों और पूर्व मंत्री कमलेश सिंह की वहां जांच कराई जाए। अधिकारी ने बताया कि सिंह को रिम्स अस्पताल ने छुट्टी नहीं दी है लेकिन इस बात पर टिप्पणी करने से बचे कि क्या अन्य तीनों को सेना के चिकित्सकों के दल के परामर्श पर छुट्टी दी गई।

 

अदालत ने सेना के चिकित्सकों से उनकी जांच कराने का निर्देश सामाजिक कार्यकर्ता दुर्गा उरांव की जनहित याचिका पर दिया था। उरांव ने अपनी याचिका में आरोप लगाया था कि वे जेल में रहने की बजाय बीमारी के बहाने रिम्स में रहने के लिए अपनी राजनैतिक हैसियत का इस्तेमाल कर रहे हैं। कोड़ा को जेल में कथित तौर पर कैदियों द्वारा पिटाई किए जाने के बाद भर्ती कराया गया था वहीं तीन अन्य को विभिन्न बीमारियों का इलाज कराने के लिए भर्ती कराया गया था। (एजेंसी)

First Published: Friday, December 30, 2011, 14:45

comments powered by Disqus