मध्‍य प्रदेश में स्विटरजलैंड की महिला से गैंगरेप मामले में पांच लोग गिरफ्तार

मध्‍य प्रदेश में स्विटरजलैंड की महिला से गैंगरेप मामले में पांच लोग गिरफ्तार

मध्‍य प्रदेश में स्विटरजलैंड की महिला से गैंगरेप मामले में पांच लोग गिरफ्तारदतिया : मध्य प्रदेश के दतिया जिले में स्विट्जरलैंड की महिला के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे लूट का माल भी बरामद कर लिया है। चंबल क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक डी.के. आर्य ने रविवार को बताया कि पुलिस ने पांच आरोपी बाबा, रामप्रो, भूता, गजा उर्फ ब्रजेश व विष्णु को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं एक आरोपी फरार है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट का लेपटाप, चार्जर, मोबाइल व 5500 रुपये नगद बरामद करने के साथ एक बंदूक भी जब्त की है।

ज्ञात हो कि सात हथियार बंद अपराधियों ने भारत भ्रमण पर आई स्विट्जरलैंड की महिला को शुक्रवार की रात अपनी हवस का शिकार बनाया था और उसका सामान लूट लिया था। यह वारदात उस वक्त हुई जब विदेशी दंपति साइकिल से ओरछा से आगरा जा रहा था। शुक्रवार को यह दंपति झरिया गांव के पास टेंट लगाकर रुक गया था। यहां अपराधियों ने इस दंपति के साथ लूटपाट की और पति को बंधक बनाकर महिला से दुष्कर्म किया।

पीड़ित विदेशी दंपति ने सिविल लाइन थाने में सात अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराते हुए घटनाक्रम का ब्यौरा दिया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए जंगल में अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान पुलिस ने लगभग 20 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पीड़ित महिला को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए शनिवार को ग्वालियर मेडिकल कालेज अस्पताल ले जाया गया था जहां तीन महिला चिकित्सकों के दल ने उसका परीक्षण किया। देर शाम को पीड़ित दंपति को दतिया वापस लाया गया और उसके बाद उसे पुलिस सुरक्षा के बीच दिल्ली रवाना कर दिया गया।

दो दिन से दतिया में पुलिस महकमे के अफसरों का जमावड़ा लगा था और उनके लिए विदेशी महिला से दुष्कर्म के आरोपियों को पकड़ना चुनौती बन गया था। पुलिस ने काफी जद्दोजहद के बाद पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। (एजेंसी)

First Published: Monday, March 18, 2013, 09:46

comments powered by Disqus