'मनसे का पहला महापौर नासिक में' - Zee News हिंदी

'मनसे का पहला महापौर नासिक में'



नासिक : महराष्ट्र नवनिर्माण सेना,मनसे के अध्यक्ष राज ठाकरे ने आज स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी का पहला महापौर नासिक में होगा जहां स्थानीय निकाय चुनावों में मनसे अकेली सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है।

 

बहरहाल, पार्टी प्रमुख ने यह बताने से इंकार कर दिया कि उनकी पार्टी नासिक नगर निगम पर शासन के लिए बहुमत की खातिर किस पार्टी के साथ बातचीत कर रही है।

 

राज ने संवाददाताओं से कहा ‘सत्ता की खातिर गलत फैसला लेकर मनसे लोगों के साथ विश्वासघात नहीं करेगी।’ मनसे प्रमुख के आज सुबह यहां पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका शानदार स्वागत किया। राज ने यह भी कहा कि वह स्थानीय निकाय चुनाव में जीते पाषर्दों को खास तौर पर बधाई देने के लिए शहर आए हैं। पार्टी के प्रति समर्थन के लिए उन्होंने जनता का भी आभार व्यक्त किया।

 

हाल ही में संपन्न स्थानीय निकाय चुनावों के दौरान मनसे शहर में एक बड़ी पार्टी के रूप में उभरी और 122 सदस्यीय निकाय में 40 सीटें हासिल कर उसने शिवसेना को सत्ता से बेदखल कर दिया है।

 

बहरहाल, पार्टी अकेले के दम पर स्थानीय निकाय में शासन नहीं कर पाएगी और उसे दूसरे दलों से मदद लेनी होगी। कांग्रेस ने स्थानीय निकाय चुनावों में 15 सीटें, राकांपा ने 20 सीटें, शिवसेना ने 19 सीटें, भाजपा ने 14 सीटें, माकपा ने तीन सीटें और निर्दलीयों ने 11 सीटें जीती हैं। (एजेंसी)

First Published: Sunday, February 19, 2012, 14:58

comments powered by Disqus