मयूर विहार हिंसा में दो केस दर्ज, 25 हिरासत में

मयूर विहार हिंसा में दो केस दर्ज, 25 हिरासत में

मयूर विहार हिंसा में दो केस दर्ज, 25 हिरासत मेंज़ी न्यूज ब्यूरो/एजेंसी

नई दिल्ली : पूर्वी दिल्ली में वाहन की चेकिंग के दौरान नशे में धुत्त एक व्यक्ति की दोपहिया वाहन से गिरने के बाद मौत हो जाने की अफवाहों के बाद हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने सोमवार को दो केस दर्ज कर लिया है। इसके अलावा इस मामले में 25 लोगों को हिरासत में लिया गया है। जानकारी के अनुसार, अज्ञात लोगों के खिलाफ हिंसा भड़काने का केस दर्ज किया गया है। वहीं, दिल्‍ली सरकार ने इस मामले में न्‍यायिक जांच के आदेश दे दिए हैं।


गौर हो कि रविवार रात भीड़ ने काफी हंगामा किया था। एक पुलिस बूथ एवं आधे दर्जन वाहनों में आग लगा दी और पुलिस के साथ उसका संघर्ष हुआ। इस घटना में 29 लोग जख्मी हो गए थे। एक शीर्ष पुलिस अधिकारी के अनुसार, अब स्थिति नियंत्रण में है।

यह घटना मयूर विहार फेज थ्री में रविवार रात हुई। पुलिस ने भीड़ को तितर बितर करने और स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए आंसू गैस के गोले दागे और बल का प्रयोग किया जिससे कुछ व्यक्ति घायल हो गए। पुलिस के अनुसार स्कूटर से एक व्यक्ति जा रहा था। उसने हेलमेट नहीं पहन रखी थी। पुलिस चेकिंग पोस्ट पर जब उसे रूकने को कहा गया तो वह गिर गया। वह नशे में था। इस घटना के करीब एक घंटे बाद हिंसा हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि उसने सिग्नल पर ध्यान नहीं दिया और भागने लगा लेकिन पुलिसकर्मी ने उसे रोकने का प्रयास किया। वह गिर गया। स्कूटर के पीछे से आ रहे एक वाहन ने उसे टक्कर मार दी। पुलिस ने आरोपों से इनकार किया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार स्कूटर सवार को समीप के अस्पताल में ले जाया गया।

पुलिस के अनुसार इलाके में अफवाह फैल गई कि घायल व्यक्ति की मौत हो गई। नाराज स्थानीय लोगों ने स्थानीय पुलिस चौकी की ओर कूच किया और पुलिस के साथ उनकी झड़प हुई। भीड़ ने पुलिस चौकी तथा बसों एवं ट्रकों समेत कम से कम सात वाहनों में आग लगा दी। एक शीर्ष पुलिस अधिकारी ने बताया कि अफवाह से हिंसा फैली, लेकिन अब स्थिति नियंत्रण में आ गया है और पर्याप्त पुलिस बल वहां तैनात किए गए हैं।

First Published: Monday, September 3, 2012, 09:44

comments powered by Disqus