महिला कांस्टेबल के साथ डाकुओं ने किया गैंगरेप

महिला कांस्टेबल के साथ डाकुओं ने किया गैंगरेप

लातेहर (झारखंड) : झारखंड के लातेहर जिले में जगलदगा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-75 पर डाकुओं ने एक महिला पुलिस कांस्टेबल के साथ सामूहिक बलात्कार किया। महिला अपने परिवार के सदस्यों के साथ अपने रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में जा रही थी।

पुलिस अधीक्षक माइकल एस. राज ने बताया कि शुक्रवार को पीड़ित महिला द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक महिला जब कार से 22 अगस्त की तड़के रांची से गढ़वा के लिए जा रही थी तभी डकैतों ने उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया।

पुलिस अधीक्षक ने दर्ज प्राथमिकी का हवाला देते हुए बताया कि अपने रिश्तेदार के शव को को लेकर जा रही (पीड़िता) अपनी दो बहनों के साथ एक वाहन में थी जबकि शव दूसरे वाहन में था। पीड़िता की बहनों को कोई हानि नहीं पहुंची। पुलिस ने बताया कि पांच लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

डकैतों ने मध्यरात्रि से रात दो बजे के बीच विभिन्न गाड़ियों में सवार अन्य यात्रियों के साथ भी लूटपाट की। बलात्कार पीड़िता एक विधवा है और लातेहर जिला पुलिस में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत है। उसकी दो नाबालिग बेटियां भी हैं।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि उसे (पीड़िता को) नौकरी उनके पति की माओवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में मृत्यु हो जाने के बाद मिली थी। दिसंबर 2011 में लातेहर जिले के गारू ब्लॉक में विधानसभा अध्यक्ष इंदर सिंह नामधारी के काफिले पर हमले के लिए घात लगाकर बैठे माओवादियों के साथ मुठभेड़ में उसके (पीड़िता के) पति की मृत्यु हो गई थी।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस उपाधीक्षक आलोक कुमार के नेतृत्व में एक तीन सदस्यीय दल का गठन किया गया है। (एजेंसी)

First Published: Saturday, August 24, 2013, 14:47

comments powered by Disqus