माकपा नेता गोविंद पिल्लई का निधन

माकपा नेता गोविंद पिल्लई का निधन

तिरूवनंतपुरम: मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के दिग्गज नेता पी. गोविंद पिल्लई का बढ़ती उम्र से सम्बंधित स्वास्थ्य समस्याओं के चलते तिरूवनंतपुरम में निधन हो गया। वह 86 वर्ष के थे। यह जानकारी शुक्रवार को उनके परिवार के सदस्यों ने दी। माकपा के मृदुभाषी विचारक पिल्लई का गुरुवार देर रात एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह अपने पीछे पत्नी और दो बच्चे छोड़ गए हैं। उनके बच्चे पेशे से पत्रकार हैं।

पीजी के नाम से मशहूर माकपा नेता को एक सप्ताह पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस कार्यकर्ता के रूप में की थी। वह वर्ष 1945 में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) में शामिल हो गए। पार्टी विभाजन के बाद वह माकपा में शामिल हो गए।

पहली और तीसरी केरल विधानसभा में उन्होंने पेरूमबावुर जिले का प्रतिनिधित्व किया। इससे पहले वह वर्ष 1952-53 में त्रावणकोर विधानसभा के सदस्य रहे।

पीजी एक जिज्ञासु पाठक, लोकप्रिय वक्ता और मजबूत लेखक थे, उन्हें कई बार अपनी पार्टी की नाराजगी का सामना भी करना पड़ा। उन्हें पार्टी नेता ई. एम. एस. नंबूदिरीपाद की आलोचना करने के लिए उनके पद से भी हटा दिया गया था।

पीजी के पार्थिव शरीर को यहां स्थित पार्टी मुख्यालय में लाया जाएगा और वीजेटी हॉल में अंतिम दर्शनों के लिए रखा जाएगा। शाम चार बजे उनका पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा। (एजेंसी)

First Published: Friday, November 23, 2012, 11:54

comments powered by Disqus