मानसूनी बारिश से यूपी की नदियां उफान पर

मानसूनी बारिश से यूपी की नदियां उफान पर

लखनऊ : लगभग समूचे उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश की वजह से घाघरा, शारदा, क्वानो और राप्ती समेत कई नदियां उफान पर हैं। केन्द्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक जलभरण क्षेत्रों में व्यापक वर्षा के कारण घाघरा, क्वानो और शारदा के अलावा बूढ़ी राप्ती नदी तथा राप्ती नदी का भी जलस्तर कई स्थानों पर खतरे के निशान को पार कर गया है अथवा उसके नजदीक पहुंच चुका है।

बारिश और बांधों से पानी छोड़े जाने के कारण काफी पहले से रौद्र रूप अख्तियार किये घाघरा नदी का जलस्तर एल्गिनब्रिज (बाराबंकी) के साथ-साथ तुर्तीपार (बलिया) और अयोध्या में खतरे के निशान से ऊपर बना हुआ है। क्वानो नदी मुखलिसपुर (संतकबीरनगर) में अब भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है जबकि बस्ती और चंद्रदीपघाट (गोण्डा) में इसका जलस्तर लाल चिह्न के नजदीक दिखायी दे रहा है।

शारदा नदी का जलस्तर पलियाकलां (लखीमपुर खीरी) में लाल निशान से ऊपर बना हुआ है जबकि शारदानगर में इसका जलस्तर खतरे के निशान के नजदीक पहुंच गया है। बूढ़ी राप्ती नदी ककरही (सिद्धार्थनगर) में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है जबकि राप्ती नदी का जलस्तर काकरधारी (बहराइच), भिनगा (श्रावस्ती), बलरामपुर, रिगौली (गोरखपुर) तथा बर्डघाट (गोरखपुर) में लाल निशान के नजदीक पहुंच गया है।

इसके अलावा गंगा नदी का जलस्तर फतेहगढ़ और अनकिनघाट (कानपुर) में जबकि यमुना नदी का जलस्तर प्रयाग घाट (मथुरा) में खतरे के निशान के आसपास पहुंच चुका है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के लगभग सभी मंडलों में अनेक स्थानों पर मानसूनी बारिश हुई। इस अवधि में बस्ती में पांच बांसी (सिद्धार्थनगर), उस्काबाजार (सिद्धार्थनगर) तथा चंद्रदीपघाट (गोण्डा) में तीन-तीन और रिगौली (गोरखपुर) में दो सेंटीमीटर बारिश रिकार्ड की गयी। (एजेंसी)

First Published: Friday, July 12, 2013, 17:58

comments powered by Disqus