Last Updated: Thursday, March 29, 2012, 08:31
लखनऊ : उत्तर प्रदेश की नव सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी सरकार ने राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की विभिन्न स्वप्निल परियोजनाओं की सुरक्षा में तैनात होमगार्डस के 450 जवानों को हटा लिया है। राज्य को होमगार्डस तथा वैकल्पिक शिक्षा मंत्री ब्रहमा शंकर त्रिपाठी ने गुरुवार को यहां बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री मायावती द्वारा विभिन्न स्मारकों की हिफाजत के लिए अलग से सुरक्षा वाहिनी बनाए जाने के बावजूद उन पर तैनात किए गए होमगार्डस जवानों को हटाया नहीं गया था। उन्होंने बताया कि पिछले तीन साल से स्मारकों की सुरक्षा की ड्यूटी में तैनाती के बाद हटाए गए होमगार्डस के जवानों को सुरक्षा संबंधी अन्य कार्यों में लगाया जाएगा।
त्रिपाठी ने बताया कि मायावती सरकार के कार्यकाल में स्मारकों तथा पार्कों की सुरक्षा के लिए खासतौर से सुरक्षा वाहिनी गठित की गई थी, लेकिन इसके बावजूद वहां तैनात होमगार्डस जवानों को वहां की ड्यूटी से मुक्त नहीं किया गया। इससे सरकारी धन की फिजूलखर्ची हुई।
प्रदेश में होमगार्डस जवानों का करीब एक लाख 17 हजार का स्वीकृत संख्याबल है। इन जवानों को जरूरत के मुताबिक पुलिसिंग, यातायात ड्यूटी अथवा चुनाव ड्यूटी में लगाया जाता है। इसके लिये उन्हें रोजाना 160 रुपए मानदेय दिया जाता है। त्रिपाठी ने बताया कि पिछली सरकार के कार्यकाल में होमगार्डस के 75 जवान मुख्यमंत्री के सरकारी आवास की सुरक्षा में तैनात रहते थे। इसके अलावा होमगार्डस विभाग के तत्कालीन मंत्री की सेवा में 38 जवान तथा उस समय रहे महकमे के राज्य मंत्री के पास 50 जवान थे।
(एजेंसी)
First Published: Thursday, March 29, 2012, 20:01