Last Updated: Wednesday, April 17, 2013, 20:23
मुंबई : वर्ष 1993 के मुंबई श्रृंखलाबद्ध विस्फोट मामले में 11 दोषियों ने उच्चतम न्यायालय द्वारा उनकी अपीलें खारिज किये जाने के बाद आज यहां टाडा अदालत के सामने आत्मसमर्पण किया। ये दोषी इस मामले में जमानत पर रिहा थे।
टाडा अदालत के विशेष न्यायाधीश जीए सनप ने निर्देश दिया कि उन्हें मध्य मुंबई में आर्थर रोड स्थित केन्द्रीय कारागार ले जाया जाए। वहां से उन्हें राज्य के विभिन्न केन्द्रीय कारागारों में भेजा जाएगा। आत्मसमर्पण करने वाले दोषियों में चार सेवानिवृत्त पुलिस कांस्टेबल, एक सीमा शुल्क अधिकारी और अन्य शामिल हैं। ये लोग रायगढ़ जिले के शेखाड़ी तट पर आरडीएक्स, हथियार और विस्फोट सामग्री उतारने की व्यवस्था करने में शामिल थे। गोला बारूद के इस जखीरे का शहर में लाकर विस्फोटों में उपयोग किया गया था। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, April 17, 2013, 20:23