मुंबई में जर्मन महिला से बलात्कार, लूटपाट

मुंबई में जर्मन महिला से बलात्कार, लूटपाट

मुंबई : अज्ञात व्यक्ति ने आज तड़के एक जर्मन महिला के साथ बांद्रा उपनगर स्थित उसके आवास में कथित तौर पर बलात्कार किया और उसे लूटा। पीड़िता बांद्रा पश्चिम में पेरी क्रॉस रोड पर स्थित एक भवन की तीसरी मंजिल पर किराये पर रह रही थी। 27 वर्षीय पीड़िता संगीतकार है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने खिड़की के जरिए फ्लैट में प्रवेश किया और चाकू हाथ में लहराते हुए उससे गहने, कीमती वस्तुएं आदि सौंप देने को कहा।

बांद्रा पुलिस के पास दर्ज शिकायत के मुताबिक, इसके बाद आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। यह घटना तड़के साढे तीन से साढे चार बजे के बीच हुयी जब महिला अपने घर में सोयी हुयी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया।

आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस सभी तरह के उपाय कर रही है। घटना के बाद पीड़िता ने बांद्रा पुलिस स्टेशन पहुंचकर दुष्कर्म और लूट पाट की शिकायत दर्ज करायी। एफआईआर दर्ज करने से पहले पुलिस चिकित्सकीय परीक्षण के लिए महिला को एक अस्पताल ले गयी। (एजेंसी)

First Published: Monday, November 5, 2012, 17:00

comments powered by Disqus