मुंबई में मेट्रो और मोनोरेल इसी साल : चव्हाण

मुंबई में मेट्रो और मोनोरेल इसी साल : चव्हाण

मुंबई : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने आज कहा कि वरसोवा-घाटकोपर मेट्रो ट्रेन परियोजना के वरसोवा साकी नाका खंड पर इस साल सितंबर तक मेट्रो सेवा चालू हो जाने की संभावना है तथा देश की पहली मोनोरेल सेवा भी साल के आखिर तक शुरू होगी। मुम्बई में तीन चरण वाली मेट्रो कनेक्टिविटी के पहले चरण वरसोवा-घाटकोपर मेट्रो परियोजना का काम सार्वजनिक निजी साझेदारी से चल रहा है।

चव्हाण ने यहां मुंबई मेट्रो के पहले सुरक्षा परिचालन को हरी झंडी दिखाने के बाद कहा, ‘हम सितंबर तक (वरसोवा साकी नाका खंड पर) यात्री सेवा शुरू कर देंगे और पूरे मार्ग पर यह सेवा (11.4 किलोमीटर वरसोवा-अंधेरी-घाटकोपर मार्ग) दिसंबर से शुरू होगी।’ चव्हाण ने बताया कि सभी जरूरी सुरक्षा प्रमाणपत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया चल रही है। मंजूरी मिलने के बाद यह सेवा चालू हो जाएगी।

उन्होंने कहा, ‘हमें यह घोषणा करते हुए भी खुशी है कि देश की पहली मोनोरेल सेवा भी (मुम्बई में) इस साल के आखिर में शुरू हो जाएगी।’ उन्होंने यह भी बताया कि नवी मुंबई मेट्रो परियोजना पर भी काम शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि 5,500 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना को जनता के लिए इस साल शुरू कर दिया जाएगा। शहर में यातायात की भीड़ को कम करने के लिए मुंबई मेट्रो परिवहन प्रणाली शुरू की गयी है। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, May 1, 2013, 20:54

comments powered by Disqus