Last Updated: Sunday, September 29, 2013, 23:04
लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी तथा कांग्रेस ने आज उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में आयोजित महापंचायत में पुलिस तथा लोगों के बीच हुए टकराव को राज्य की समाजवादी पार्टी सरकार की नाकामी करार देते हुए कहा कि सरकार जनभावना को समझने में असफल रही है और उसे सत्ता में बने रहने का कोई हक नहीं है।
कांग्रेस प्रक्ता द्विजेन्द्र त्रिपाठी ने यहां कहा कि राज्य सरकार जनभावनाओं को समझने में नाकाम रही है और मेरठ में पुलिस तथा महापंचायत में शामिल होने आये लोगों के बीच टकराव उसकी असफलता का नतीजा है। राज्य सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई अधिकारी नहीं रह गया है।
इस बीच, कांग्रेस विधायक रीता बहुगुणा जोशी ने टकराव के लिये भाजपा को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि महापंचायत बुलाया जाना लोकसभा चुनाव से ऐन पहले राज्य के माहौल में साम्प्रदायिकता का जहर घोलने का भाजपा का खेल था। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को भाजपा के इरादों पर बारीकी से नजर रखनी चाहिये।
उधर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने कहा कि पुलिस की एकतरफा कार्रवाई की वजह से ही मुजफ्फरनगर में दंगे हुए थे। जहां भाजपा विधायकों संगीत सोम और सुरेश राणा पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की गयी, वहीं इसी मामले में अभियुक्त बसपा सांसद कादिर राना तथा कांग्रेस नेता सईदुज्जमां आजाद घूम रहे हैं। (एजेंसी)
First Published: Sunday, September 29, 2013, 23:04