Last Updated: Friday, June 22, 2012, 12:27
ज़ी न्यूज ब्यूरोलखनऊ/भोपाल : उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश के पूर्वी हिस्से में मानसून ने दस्तक दे दी है। गर्मी व उमस से बेहाल लोगों के लिए यह अच्छी खबर है कि मानसून दोनों प्रदेशों के पूर्वी हिस्सों में प्रवेश कर गया है और यह जल्दी ही पश्चिमी क्षेत्र सहित अन्य हिस्सों में भी दस्तक दे सकता है।
लखनऊ से मिली जानकारी के अनुसार, दो दिन के भीतर मानसून के लखनऊ पहुंचने की उम्मीद है। मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता ने बताया कि मानसून बिहार में पूरी तरह से प्रवेश कर चुका है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, वाराणसी और आसपास के जिलों में गुरुवार को मानसून ने दस्तक दे दी और अगले दो से तीन दिनों के भीतर इसके लखनऊ पहुंचने की उम्मीद है। शुक्रवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
भोपाल स्थित मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जबलपुर संभाग में मानसून ने दस्तक दे दी है और बारिश के आसार बने हुए हैं। बीते 24 घंटों के दौरान जबलपुर में ढाई मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई है। राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान में 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और न्यूनतम तापमान में कुछ उछाल आया है और वह 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि पूर्वी मध्य प्रदेश में जोरदार बारिश हो सकती है, वहीं निचले पश्चिमी हिस्से में भी बारिश के आसार बने हुए है।
First Published: Friday, June 22, 2012, 12:27