Last Updated: Wednesday, January 4, 2012, 07:26
लखनऊ : पश्चिम बंगाल में वाम दलों का पुराना वर्चस्व तोड़कर सत्ता पर काबिज हुई तृणमूल कांग्रेस उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में पहली बार मैदान में उतरेगी।
तृणमूल कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के संयोजक भगवान सिंह ने बताया कि उनकी पार्टी की अगुवाई वाला राष्ट्रीय परिवर्तन मोर्चा उत्तर प्रदेश की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगा। इनमें से तृणमूल कांग्रेस कितनी सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी, इसकी घोषणा आगामी 6 जनवरी को दिल्ली में की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पार्टी की अध्यक्ष और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी चुनाव प्रचार में हिस्सा लेंगी और उनके प्रदेश के 10 प्रमुख जिलों लखनऊ, मेरठ, आगरा, मुरादाबाद, अलीगढ़, वाराणसी, गोरखपुर, कानपुर, इलाहाबाद तथा सोनभद्र में जनसभाओं को सम्बोधित करने की सम्भावना है।
सिंह ने कहा कि पार्टी के सभी केन्द्रीय मंत्री एवं सांसद भी इस चुनाव में मोर्चे के प्रचार कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। तृणमूल संयोजक ने कहा कि उनकी पार्टी की अगुवाई वाला मोर्चा सियासी बदलाव तथा विकास के मुद्दे पर चुनाव मैदान में उतरेगा। उन्होंने कहा कि जातिवादी पार्टियों की सरकारों ने राज्य को विकास की दौड़ में पीछे धकेल दिया है लिहाजा राजनीतिक परिवर्तन आगामी चुनाव में अहम मुद्दा होगा।
(एजेंसी)
First Published: Wednesday, January 4, 2012, 12:56