Last Updated: Friday, January 27, 2012, 05:56
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पांचवे चरण की अधिसूचना कल जारी होगी। इस चरण में उपेक्षा की त्रासदी झेल रहे बुंदेलखण्ड के कई जिलों तथा समाजवादी पार्टी तथा पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के गढ़ कहे जाने वाले इलाके में चुनाव होंगे। इस दौर के चुनाव में प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शिवपाल सिंह यादव तथा भाजपा की मुखर नेता उमा भारती समेत कई सियासी हस्तियों के चुनावी भाग्य का फैसला होगा।
राज्य की 403 विधानसभा सीटों के लिये सात चरणों में होने वाले चुनाव के पांचवें चरण की अधिसूचना कल जारी की जाएगी। उसके साथ ही इस दौर के चुनाव के लिये नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी।
निर्वाचन आयोग के सूत्रों के मुताबिक पांचवें चरण के चुनाव में प्रदेश के फिरोजाबाद, कांशीराम नगर, एटा, मैनपुरी, इटावा, औरैया, रमाबाई नगर, कानपुर, जालौन, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर तथा महोबा जिलों की कुल 49 विधानसभा सीटों के लिये आगामी 23 फरवरी को मतदान होगा।इस चरण के मतदान के लिये 11745 मतदान केन्द्र तथा 16781 मतदेय स्थल बनाये जाएंगे जिन पर 18459 इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनें इस्तेमाल की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि इस चरण के चुनाव में एक करोड़ 53 लाख 86 हजार 187 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे जिनमें 85 लाख आठ हजार 626 पुरुष, 68 लाख 77 हजार 214 महिला तथा 347 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं।
पांचवें चरण के लिये नामांकन चार फरवरी तक दाखिल किये जा सकेंगे जिनकी जांच छह फरवरी को होगी। नामांकन वापसी की आखिरी तारीख आठ फरवरी होगी। मतदान 23 फरवरी होगा और मतों की गिनती छह मार्च को की जायेगी।पांचवें चरण के चुनाव में सपा के गढ़ कहे जाने वाले इटावा, एटा, मैनपुरी तथा फिरोजाबाद जिलों में मतदान होगा। इस चरण में राज्य विधानसभा में सपा और विपक्ष के नेता शिवपाल सिंह यादव के चुनावी भाग्य का फैसला होगा जो इटावा की जसवंतनगर सीट से मैदान में हैं।
इसके अलावा प्रदेश में भाजपा को सत्ता में लाने की उम्मीदों का भार लिये पार्टी की जुझारू नेता उमा भारती की लोकप्रियता की परीक्षा भी पांचवें चरण के चुनाव में होगी। पूर्व में मध्य प्रदेश की मुख्यमंत्री रहीं उमा की उत्तर प्रदेश के चुनाव मैदान में यह पहली पारी है।
भाजपा के पूर्व छत्रप और उसकी सरकार के मुख्यमंत्री रहे कल्याण सिंह की ताकत की परीक्षा भी पांचवें दौर के चुनाव में होगी। उनके संसदीय क्षेत्र और गढ़ कहे जाने वाले एटा में भी इसी चरण में चुनाव होना है।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष तथा पूर्व मंत्री प्रेमलता कटियार कानपुर की कल्याणपुर सीट से जबकि राज्य सरकार के मंत्री जयवीर सिंह मैनपुरी की करहल सीट से बसपा के प्रत्याशी हैं। उनके क्षेत्र में भी पांचवें चरण में ही चुनाव होंगे।
बहुजन समाज पार्टीकी उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य की बेटी संघमित्रा मौर्य एटा की अलीगंज सीट से पार्टी की प्रत्याशी हैं जहां पांचवें चरण में चुनाव होने हैं। इसके अलावा राज्य के स्वास्थ्य विभाग में हुए घोटाले के मामले में इस्तीफा देने वाले प्रदेश के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अनंत मिश्र की पत्नी बसपा प्रत्याशी शिखा तिवारी की किस्मत का फैसला भी पांचवें चरण के चुनाव में होगा।
मैनपुरी की करहल सीट से सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव की समधन उर्मिला यादव कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं जो सपा से टिकट नहीं मिलने पर कांग्रेस में चली गयीं। उनका चुनावी भाग्य भी पांचवें चरण के चुनाव में तय होगा।
(एजेंसी)
First Published: Friday, January 27, 2012, 11:35