यूपी में दंगों का रिकॉर्ड बना रही है सपा: कल्याण सिंह । Samajwadi Party is making record of Violence in Uttar Pradesh: Kalyan singh

यूपी में दंगों का रिकॉर्ड बना रही है सपा: कल्याण सिंह

मथुरा/लखनऊ : उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने बुधवार को सूबे की समाजवादी पार्टी (सपा) की सरकार पर निशाना साधते हुए जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि उप्र की सरकार सूबे में दंगों का रिकॉर्ड बना रही है। मथुरा में दीनदयाल धाम परिसर में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए कल्याण सिंह ने यह बातें कही। कल्याण ने कहा कि उप्र के मुजफ्फरनगर में जो दंगा हुआ वह प्रशासिनक विफलता है। सरकार स्थिति को नियंत्रित करने में पूरी तरह से नाकाम रही है।

क्षेत्र में पुलिस द्वारा की जा रही एकतरफा कार्रवाई की निंदा करते हुए कल्याण ने कहा कि लोग पुलिस की एकतरफा कार्रवाई से पूरी तरह से त्रस्त हैं। सूबे की सरकार उप्र में दंगों का रिकॉर्ड बना रही है।

कल्याण ने लोगों से केंद्र की कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। अगले चुनाव में पार्टी को नरेंद्र मोदी की अगुवाई में शानदार सफलता मिलेगी। इससे पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उत्तर प्रदेश मामलों के प्रभारी अमित शाह ने प्रदेश सरकार के अलावा केंद्र भी जमकर प्रहार किया।

शाह ने कहा कि उप्र दंगों की आग में झुलस रहा है। सरकार चुपचाप बैठकर तमाशा देखने में लगी है। हिंसाग्रस्त इलाकों में एकतरफा पुलिस कार्रवाई से वह आहत हैं। केंद्र सरकार को कोसते हुए शाह ने कहा कि आजादी के बाद देश के निति नियंताओं ने ऐसी नीतियां ही नहीं बनाईं जिससे गरीबों और किसानों का कल्याण हो सके। शाह ने कहा कि आजादी के बाद जिन लोगों पर नीति निर्धारण की जिम्मेदारी थी उन्होंने गरीबों, किसानों और देश की समस्याओं को ध्यान में रखकर नीति बनाने का काम नहीं किया। उन्होंने कि यदि आजादी के बाद नीतियां सही बनी होती तो 60 वर्षो के बाद देश के गरीबों और किसानों की ऐसी स्थिति नहीं होती। शाह पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी के साथ बुधवार सुबह मथुरा पहुंचे। पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा तीनों नेताओं का जोरदार स्वागत किया गया।

मथुरा पहुंचे शाह प्रदेश अध्यक्ष के साथ आगरा क्षेत्र के पदाधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे। इस दौरान आगरा क्षेत्र में मोदी की होने वाली रैली को लेकर भी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से विचार विमर्श किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि शाह उप्र में एक अक्टूबर से लेकर नौ अक्टूबर तक रहेंगे और इस दौरान वह अलग-अलग क्षेत्रों का दौरा करेंगे। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, October 2, 2013, 20:10

comments powered by Disqus