Last Updated: Thursday, July 11, 2013, 15:21
नई दिल्ली : सरकार ने उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में राष्ट्रीय विमानन विश्वविद्यालय खोलने का फैसला किया है। विश्वविद्यालय का नाम पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के नाम पर होगा।
कैबिनेट की गुरुवार की बैठक में इस आशय के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। साथ ही यह प्रस्ताव मंजूर किया गया कि राजीव गांधी राष्ट्रीय विमानन विश्वविद्यालय विधेयक 2013 संसद में पेश किया जाएगा। इससे कुलपति का पद सृजित किया जा सकेगा, जिसका चयन कैबिनेट सचिव की अध्यक्षता में चयन समिति द्वारा किया जाएगा। चयन समिति में नागर विमानन मंत्रालय, कार्मिक एवं प्रशिक्षण मंत्रालय तथा मानव संसाधन विकास मंत्रालय के सदस्य होंगे।
परियोजना निदेशक के पद पर संयुक्त सचिव ग्रेड में एक अस्थायी पद का सृजन भी किया जाएगा। यह पद प्रतिनियुक्ति के आधार पर भरा जाएगा। कैबिनेट बैठक के बाद सूचना प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी ने यहां संवाददाताओं को बताया कि राजीव गांधी राष्ट्रीय विमानन विश्वविद्यालय केन्द्रीय विश्वविद्यालय होगा और नागर विमानन मंत्रालय के प्रशासनिक नियंत्रण में स्वायत्तशासी इकाई के रूप में काम करेगा। (एजेंसी)
First Published: Thursday, July 11, 2013, 15:21