राहुल, अखिलेश और उमर खरे नहीं उतरे : ठाकुर

राहुल, अखिलेश और उमर खरे नहीं उतरे : ठाकुर

रायपुर : भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पर निशाना साधते हुए कहा कि तीनों युवा नेताओं पर जनता ने भरोसा किया था लेकिन वे इस भरोसे पर खरे नहीं उतरे हैं।

ठाकुर ने आज यहां संवाददाताओं से बातचीत के दौरान कहा कि तीनों युवा नेताओं को देश की जनता ने मौका दिया था कि वे देश के सामने एक मिशाल पेश करें लेकिन तीनों इस मामले में खरे नहीं उतर सके। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव और उमर अब्दुल्ला तुष्टीकरण की राजनीति कर रहे हैं। उमर अब्दुल्ला जहां जम्मु कश्मीर में अलगाव वादियों का समर्थन कर रहे हैं, वहीं उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ महीनों में 27 से ज्यादा दंगे हो चुके हैं। राज्य सरकार दंगों को रोकने में नाकाम रही है।

ठाकुर ने कहा कि पिछले नौ साल से देश में कांग्रेस की नेतृत्व वाली सरकार है और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने इन नौ सालों के दौरान ऐसा कोई भी उल्लेखनीय कार्य नहीं किया और वह अब रोटी को लेकर बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने कहा है कि पूरा खाना खाओ, एक सौ दिन काम करो और कांग्रेस को वोट दो। लगभग बीस वर्ष पहले उनकी दादी मां ने भी देश से गरीबी हटाओ का नारा दिया था और अब राहुल गांधी यह नारा दोहरा रहे हैं।

युवा मोर्चा अध्यक्ष ने इस दौरान संप्रग सरकार पर निशाना साधा और कहा कि इस शासन काल में भ्रष्टाचार का बोलबाला रहा है। मंहगाई बढ़ी है। महिलाएं असुरक्षित हुईं है और सीमाओं पर हमारे जवान असुरक्षित हुए हैं। ठाकुर ने नरेंद्र मोदी को लेकर कहा कि आज देश में मोदी सबसे लोकप्रिय नेता हैं और देश की जनता को उनसे बहुत उम्मीद है। उन्होंने इस दौरान छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार की भी तारीफ की और कहा कि रमन सरकार यहां तीसरी बार सरकार बनाएगी। (एजेंसी)

First Published: Friday, September 13, 2013, 20:25

comments powered by Disqus