Last Updated: Tuesday, January 17, 2012, 08:44
ज़ी न्यूज ब्यूरो रायबरेली : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी ने मंगलवार को कहा कि वह राज्य में पार्टी को सत्ता में लाने में जुटे अपने सांसद भाई राहुल गांधी की मदद के लिए सब कुछ करेंगी और वह अमेठी तथा रायबरेली से बाहर चुनाव प्रचार करने के लिए तैयार हैं।
अमेठी और रायबरेली के तीन दिवसीय दौरे पर कल आईं प्रियंका ने यहां संवाददाताओं से अनौपचारिक बातचीत के दौरान चुनाव में कांग्रेस के लिए जनसभाओं को संबोधित करने संबंधी सवाल पर कहा कि मैं अभी तक इस बारे में कोई फैसला नहीं किया है। इस वक्त मैं यहां कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने आई हूं। बाद में मैं और भाई (राहुल) मिल बैठकर तय करेंगे। प्रियंका गांधी ने कहा है कि राहुल गांधी यदि चाहेंगे तो वह पूरे उत्तर प्रदेश में प्रचार करूंगी। अपने भाई की मदद के लिए कुछ भी करने को तैयार हूं। उन्होंने यह भी कहा कि चुनावों के मद्देनजर राहुल अच्छा काम कर रहे हैं और जीत के प्रति आश्वस्त हैं।
यह पूछे जाने पर कि क्या वह रायबरेली और अमेठी के अलावा दूसरे क्षेत्रों में भी कांग्रेस के लिए प्रचार करने को तैयार होंगी, उन्होंने कहा, हां मैं करूंगी। अपने भाई की मदद करने के लिए मैं कुछ भी करूंगी। वह जो कहेंगे मैं करूंगी। हालांकि, प्रियंका ने कहा, भाई जानते हैं कि उन्हें मेरी किस हद तक जरूरत है। इस सवाल पर कि क्या राहुल के कहने पर वह भविष्य में सक्रिय राजनीति में उतरकर चुनाव लड़ेंगी, उन्होंने कहा कि अभी तो मैं अमेठी और रायबरेली की 10 विधानसभा सीटों के चुनाव पर नजर रखूंगी। उसके बाद ही देखेंगे। यह पूछे जाने पर कि क्या राहुल मिशन-2012 (राज्य विधानसभा चुनाव) में कामयाब होंगी, प्रियंका ने कहा कि क्यों नहीं।
प्रियंका को एक बंद पड़ी कपड़ा फैक्ट्री की महिला कर्मचारियों ने रोककर उनसे कारखाने को दोबारा खुलवाने का आग्रह किया। प्रियंका ने कहा कि वह एक निजी फैक्ट्री है और उसकी कर्मचारी उसे फिर से शुरू कराने में हमारी मदद चाहती हैं, लेकिन उसके मालिक उसे दोबारा चलाने के इच्छुक नहीं हैं। चूंकि चुनाव का वक्त है, लिहाजा वह कारखाने को फिर से चालू कराने का वादा नहीं कर सकते।
उन्होंने कहा कि हम इस मामले पर पिछले दो साल से काम कर रहे हैं। अब किसी और व्यक्ति को आकर नई फैक्ट्री खोलनी चाहिए। प्रियंका ने दिल्ली के बटला हाउस कांड के मुद्दे पर कोई टिप्पणी करने से मना कर दिया।
First Published: Wednesday, January 18, 2012, 12:13