Last Updated: Thursday, November 8, 2012, 21:29

लखनऊ : कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका वाड्रा ने गुरुवार को अमेठी और रायबरेली में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर संगठन को मजबूत बनाने को लेकर विचार विमर्श किया।
राहुल ने अमेठी के पहले शुकुलबाजार और फिर जगदीशपुर में पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कीं। इसमें आगामी लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी संगठन को कैसे और मजबूत बनाया जाए इस पर विचार किया गया। शाम को राहुल वापस दिल्ली लौट गए।
हालिया विधानसभा चुनाव में अमेठी और रायबरेली की दस सीटों में आठ पर कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा था। हार के पीछे संगठन का कमजोर होना एक प्रमुख कारण के रूप में सामने आया था। 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले राहुल संगठन को मजबूत बनाना चाहते हैं।
राहुल अपनी बहन प्रियंका के साथ पहुंचे थे। दोनों ने सबसे पहले जायस में राजीव गांधी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित प्रशिक्षण केंद्र का दौरा करके स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से मुलाकात की। फिर प्रियंका रायबरेली चली गई।
दो दिवसीय रायबरेली दौरे पर आई प्रियंका ने आज पहले दिन भुएमऊ अतिथि गृह में पांच ब्लॉकों के पार्टी कार्यकर्ताओं से अलग-अलग बैठकें करके संगठन के कामकाज की समीक्षा की। (एजेंसी)
First Published: Thursday, November 8, 2012, 21:27